उपन्यास अंश

उपन्यास : शान्तिदूत (पहली कड़ी)

वासुदेव कृष्ण की आँखों में नींद नहीं थी। इतिहास एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा था। विगत के कालखंड का आगत के कालखंड से संधि का समय सामने था। शताब्दियों से भरतखंड पर एकछत्र शासन करने वाला कुरुवंश अपना अस्तित्व बचाने के लिए नियति से जूझ रहा था। कुरु साम्राज्य का पहले विभाजन हुआ और अब उसके अस्तित्व पर ही संकट आ गया था। कुरु साम्राज्य के दोनों भाग अपनी-अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने के लिए युद्ध के मैदान में आ खड़े हुए थे। कृष्ण अच्छी तरह समझते थे कि यह युद्ध अवश्यंभावी है, क्योंकि प्रकृति की सारी शक्तियाँ सभी ओर से संसार को बलपूर्वक युद्ध में धकेल रही थीं।

कृष्ण सोच रहे थे कि यह युद्ध अगर हुआ, जो कि अपरिहार्य हो गया है, तो सारा संसार इसकी चपेट में आ जायेगा और जो भयंकर विनाश होगा, उसकी कल्पना से ही हृदय दहल जाता है। इस विनाश का एक भयावह चित्र भगवान वेदव्यास ने कौरवों की राजसभा में खींचा था, ताकि वे युद्ध से विरत हो जायें और पांडवों को उनका न्यायपूर्ण अधिकार दे दें। परन्तु जैसी कि वेदव्यास को आशंका थी, कौरवों ने उनकी बात को एक कान से सुनकर दूसरे से निकाल दिया था। इस सबसे कृष्ण भी भली प्रकार अवगत थे।

कुरुवंश और उससे भी पूर्व भरत वंश का पूरा इतिहास कृष्ण की स्मृति में कौंध गया। दुष्यन्त और शकुन्तला के पुत्र चक्रवर्ती सम्राट भरत के नाम से चला यह वंश शताब्दियों ही नहीं सहस्राब्दियों से सम्पूर्ण भारतवर्ष पर शासन कर रहा था। एक पीढ़ी के बाद दूसरी पीढ़ी के राजाओं ने सफलतापूर्वक इस साम्राज्य का संचालन किया था। सम्पूर्ण पृथ्वी पर उनकी धाक थी। भरतवंश के सम्राटों के मुख से निकला हर शब्द संसार के प्रत्येक शासक के लिए बाध्यकारी आदेश होता था।

सम्राट शान्तनु तक भरतवंश का यह गौरव अक्षुण्ण रहा। शान्तनु के समय में और उसके बाद भी किसी अधीनस्थ शासक को उनके सामने सिर उठाने का साहस नहीं हुआ था। लेकिन पारिवारिक समस्याओं ने इस श्रेष्ठ परिवार को और फिर उसके साम्राज्य को ग्रहण लगा दिया। सबसे पहले गंगा ने एक विलक्षण वचन के अधीन शान्तनु के साथ विवाह करना स्वीकार किया। शान्तनु ने अधिक विचार किए बिना वह वचन दे दिया। उनकी पत्नी ने एक के बाद एक अपने सात पुत्रों को जन्म लेते ही गंगा में बहाकर मृत्यु देवता को समर्पित कर दिया। अपने वचन से बँधे हुए सम्राट शान्तनु विवश होकर अपने पुत्रों की हत्या होते देखते रहे। परन्तु आठवां पुत्र होने पर उनका धैर्य चुक गया और उन्होंने अपना वचन भूलकर गंगा को उसे नदी की धारा में बहाने से रोक दिया। इस पर गंगा सदा के लिए उनको छोड़कर चली गयी।

कृष्ण को लगा कि कुरुवंश के विनाश का बीज उसी दिन बो दिया गया था, जब एक नारी को पत्नी रूप में पाने के लिए शान्तनु ने एक अनुचित वचन दे दिया था। गंगा को खोने के बाद शान्तनु प्रायश्चित स्वरूप अकेले ही जीवन व्यतीत करने लगे और अपने आठवें परन्तु एक मात्र जीवित पुत्र राजकुमार देवव्रत की शिक्षा-दीक्षा में व्यस्त रहने लगे। उनकी आशा के अनुसार उनका पुत्र हर प्रकार से योग्य सिद्ध हो रहा था और वे उसे भावी सम्राट के रूप में देख रहे थे, जो कि स्वाभाविक था।

परन्तु नियति ने कुछ और ही तय कर रखा था। अपनी आयु के चौथे चरण में जब वे राजकुमार देवव्रत को हस्तिनापुर का सिंहासन सौंपकर वन को प्रस्थान करने की सोच रहे थे, तो एक धीवर कन्या सत्यवती को देखकर उनकी सोयी हुई कामाग्नि जागृत हो गयी। वे उसको अपनी रानी बनाने को उद्यत थे और सत्यवती को भी इस पर कोई आपत्ति नहीं थी। लेकिन सत्यवती के पिता की शर्त को सुनकर उनके पैरों तले की भूमि खिसक गयी। वे अनुचित वचन देने की पीड़ा एक बार भोग चुके थे, इसलिए वैसी ही गलती दूसरी बार करने को प्रस्तुत नहीं थे, क्योंकि ऐसा करना उनके गुणी और सर्वथा सुयोग्य पुत्र देवव्रत के प्रति घोर अन्याय होता।

लेकिन यह नियति की क्रूरता ही थी कि जिस गलती को दोहराने से शान्तनु बच गये थे, वही गलती उनके पुत्र देवव्रत ने अपने पिता के मोह में कर दी। वे अपने पिता को उनकी इच्छित नारी सत्यवती दिलवाने के लिए एक ऐसा वचन दे बैठे, जो अन्ततः कुरुवंश के सर्वनाश का कारण बना। वास्तव में कुरुवंश का दुर्भाग्य उसी दिन से प्रारम्भ हो गया था, जब हर प्रकार से योग्य और समर्थ होते हुए भी देवव्रत ने कभी विवाह न करने और सिंहासन पर न बैठने की प्रतिज्ञा कर डाली थी। इतना ही नहीं सभी आशंकाओं को दूर करने के लिए उन्होंने सदैव हस्तिनापुर के राजा का साथ देने और उसकी रक्षा करने का भी वचन दे डाला था।

सत्यवती से अपने सिंहासन का योग्य उत्तराधिकारी प्राप्त करने की शान्तनु की आशा पूरी नहीं हुई। वृद्धावस्था में अपनी तरुणा सुन्दरी पत्नी से उन्हें जो दो पुत्र प्राप्त हुए- चित्रांगद और विचित्रवीर्य – वे प्रारम्भ से ही मानसिक और शारीरिक रूप से रोगी थे। उनमें से चित्रांगद तो अपनी मूर्खता के कारण एक द्वन्द्वयुद्ध में मारा गया और विचित्रवीर्य पूरी तरह अयोग्य था। लेकिन राजा और राज्य की रक्षा करने के अपने वचन के पालन के लिए भीष्म विचित्रवीर्य को सिंहासन पर बैठाकर उनकी ओर से राज्य की देखभाल करने लगे।

कृष्ण को ये सभी बातें उनके पिता वसुदेव ने तब बतायी थीं जब वे कंस की मृत्यु के बाद कारागार से मुक्त हुए थे। बाद में कृष्ण के गुरु संदीपनि ने भी इन बातों की पुष्टि की थी और कुछ नई बातें भी बतायी थीं।

(जारी…)

डॉ. विजय कुमार सिंघल

नाम - डाॅ विजय कुमार सिंघल ‘अंजान’ जन्म तिथि - 27 अक्तूबर, 1959 जन्म स्थान - गाँव - दघेंटा, विकास खंड - बल्देव, जिला - मथुरा (उ.प्र.) पिता - स्व. श्री छेदा लाल अग्रवाल माता - स्व. श्रीमती शीला देवी पितामह - स्व. श्री चिन्तामणि जी सिंघल ज्येष्ठ पितामह - स्व. स्वामी शंकरानन्द सरस्वती जी महाराज शिक्षा - एम.स्टेट., एम.फिल. (कम्प्यूटर विज्ञान), सीएआईआईबी पुरस्कार - जापान के एक सरकारी संस्थान द्वारा कम्प्यूटरीकरण विषय पर आयोजित विश्व-स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में विजयी होने पर पुरस्कार ग्रहण करने हेतु जापान यात्रा, जहाँ गोल्ड कप द्वारा सम्मानित। इसके अतिरिक्त अनेक निबंध प्रतियोगिताओं में पुरस्कृत। आजीविका - इलाहाबाद बैंक, डीआरएस, मंडलीय कार्यालय, लखनऊ में मुख्य प्रबंधक (सूचना प्रौद्योगिकी) के पद से अवकाशप्राप्त। लेखन - कम्प्यूटर से सम्बंधित विषयों पर 80 पुस्तकें लिखित, जिनमें से 75 प्रकाशित। अन्य प्रकाशित पुस्तकें- वैदिक गीता, सरस भजन संग्रह, स्वास्थ्य रहस्य। अनेक लेख, कविताएँ, कहानियाँ, व्यंग्य, कार्टून आदि यत्र-तत्र प्रकाशित। महाभारत पर आधारित लघु उपन्यास ‘शान्तिदूत’ वेबसाइट पर प्रकाशित। आत्मकथा - प्रथम भाग (मुर्गे की तीसरी टाँग), द्वितीय भाग (दो नम्बर का आदमी) एवं तृतीय भाग (एक नजर पीछे की ओर) प्रकाशित। आत्मकथा का चतुर्थ भाग (महाशून्य की ओर) प्रकाशनाधीन। प्रकाशन- वेब पत्रिका ‘जय विजय’ मासिक का नियमित सम्पादन एवं प्रकाशन, वेबसाइट- www.jayvijay.co, ई-मेल: jayvijaymail@gmail.com, प्राकृतिक चिकित्सक एवं योगाचार्य सम्पर्क सूत्र - 15, सरयू विहार फेज 2, निकट बसन्त विहार, कमला नगर, आगरा-282005 (उप्र), मो. 9919997596, ई-मेल- vijayks@rediffmail.com, vijaysinghal27@gmail.com

12 thoughts on “उपन्यास : शान्तिदूत (पहली कड़ी)

  • बचपन की सुनी हुई महाभारत , आज आप के नावल के ज़रिये फिर पड़ने को मिली . धीरे धीरे आप का सारा नावल पडूंगा . लिखने का ढंग अत्ति अच्छा है . मेरा पड़ना उस पर क्रिटिसिज्म नहीं होगा बल्कि पुरातन ग्रन्थ को अधियन करना है . उस समय के हालात को आज से तुलना नहीं करूँगा किओंकि यह एक इल्लग विषय है . मुझ को तो हज़ारों वर्ष पुराने ग्रन्थ को जानना है जिस के लिए आप को वधाई दूंगा .

    • विजय कुमार सिंघल

      आभार, भाई साहब. आप इसको आलोचनात्मक दृष्टि से भी पढ़े. यदि कहीं गलत लगे, तो मुझे अवश्य बताएं. इससे मुझे प्रसन्नता होगी.

  • HARI SHANKER SINGH

    shanti doot ki pahali kadi achchi lagi

    • विजय कुमार सिंघल

      बहुत बहुत धन्यवाद, बंधु.

  • केशव

    महाभारत के युद्ध का मुख्य कारण कृष्ण की महत्वकांक्षा थी।
    दरअसल कृष्ण उस समय के भारत के सबसे शक्तिशाली वंश कुरु वंश को समाप्त कर के अपना यदुवंस का राज्य स्थापित करना चाहते थे । इसी लिए उन्होंने यह षड्यंत्र रचा और भाइयो में फूट दलवाई।

    • विजय कुमार सिंघल

      केशव जी, आपका यह निष्कर्ष बिल्कुल गलत है. कृष्ण का इसमें कोई स्वार्थ नहीं था.

  • अश्वनी कुमार

    bahut sunder hai sir

    • विजय कुमार सिंघल

      धन्यवाद, बंधु.

    • विजय कुमार सिंघल

      आभार, देवी जी.

    • विजय कुमार सिंघल

      आभार, कमल जी. इसकी नई कड़ी हर तीसरे दिन आएगी. ज्यादा लिखने का समय मेरे पास नहीं है.

Comments are closed.