समाचार

राष्ट्र के विकास व सुशासन का मूलतत्व श्रमिक- इन्द्रेश कुमार

BM1लखनऊ,16 सितम्बर। श्रमिक राष्ट्र के विकास व सुशासन का मूलतत्व है। जहां श्रमिकों का सम्मान होता है और श्रम से प्यार किया जाता है वह समाज और देश विकास की नई इबारत लिखता है। वहां पर संघर्ष के बजाए संवाद का जन्म होता है और संवाद से समस्या का समाधान होता है। आज के समय में दत्तोपंत ठेंगड़ी जी का जीवन समस्या के अन्दर समाधान का मार्ग है। यह बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य इन्द्रेश कुमार ने कही। वह बुधवार को माधव सभागार निरालानगर में भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के जीवन पर आधारित पुस्तक ‘दत्तोपंत ठेंगड़ी-जीवन दर्शन’ के प्रथम दो खण्डों के विमोचन अवसर पर कही।

उन्होंने कहा कि आज गरीबी,भुखमरी,अपराध,अशिक्षा और बेरोजगारी रूपी राक्षसों से मुक्ति का मार्ग क्या है? ठेंगडी जी ने इन राक्षसों से जीत और मुक्ति का मार्ग क्या हो सकता है इसका दर्शन श्रमिक कार्यों से दिया है। इन्द्रेेश कुमार ने कहा कि आज के भोगवाद से अगर निकलना है, देश को शोषण, अत्याचार,हिंसा से मुक्त रखना है तो उसके लिए ठेंगड़ी जी का जीवन प्रकाश स्तम्भ के समान है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व लखनऊ के महापौर डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि आज के युवाओं को ठेंगड़ी जी के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनका आर्थिक चिन्तन पूंजीवाद और साम्यवाद के अधूरे चिन्तन से उकताये विश्व के लिये एक नई दिशा है। दुनिया भारतीय अर्थव्यवस्था के अनुरूप चले इस ओर सबकी निगाहें हैं। महापौर ने कहा कि ठेंगड़ी जी ने इंटक में भी काम किया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मजदूर संघ के क्षेत्र संगठन मंत्री पवन कुमार ने कहा कि दत्तोपंत जी के बताये रास्ते पर चलना आज का युगधर्म है। उनसे सम्पर्क वाले हर व्यक्ति को लगता था कि दत्तोपंत जी हमारे हैं। दत्तोपंत ठंेगड़ी जी का जीवन हिमालय से भी ऊंचा और समुद्र से भी गहरा था।

सह प्रान्त संगठन मंत्री अनुपम ने कहा कि दत्तोपंत ठेंगड़ी जी ने 70 के दशक में घोषणा की थी कि साम्यवाद अधिक दिनों तक नहीं रहेगा। उस समय यह बात पागलपन लगती थी आज उनकी भविष्यवाणी सत्य सिद्ध हुई। संघ का जो विचार प्रवाह आजादी से पहले चला शून्य से प्रारम्भ होकर आज शिखर पर है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त संघचालक प्रभु नारायण श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री श्रीकान्त अवस्थी, संघ के प्रान्त प्रचारक संजय, धर्म जागरण समन्वय विभाग के राम लखन सिंह, भारतीय मुस्लिम मंच के महिरजध्वज सिंह, किसान संघ के वीरेन्द्र सिंह और विभाग कार्यवाह प्रशान्त भाटिया प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

— बृजनन्दन/पीएन.द्विवेदी

बृज नन्दन यादव

संवाददाता, हिंदुस्थान समाचार