कहानी

अधूरे फ़साने की मुकम्मल नज़्म (कहानी) – सुधीर मौर्य

कितना जादू है उसकी कहानियों में, कवितायों में। जब भी पड़ती है वो उसकी कोई भी रचना न जाने क्यों एक सिहरन सी मच जाती है उसकी नवविकसित देह में। उसके अल्हड़ मन में। उसकी पवित्र अंतरात्मा में।
ढेर सारी कहानियां और नज़्में पढ़ी है उसने उस मशहूर लेखक की। कुछ उपन्यास भी। उसे जानकार आश्चर्य हुआ था कि उसकी माँ भी पढ़ती है उसके उपन्यास। एक दिन उसे मिल जो जाते है माँ के एक पुराने संदूक में उस लेखक के बरसो पहले लिखे कुछ नवलेट।
उलझ जाती है वो उपन्यास के पृष्ठों में। पृष्ठों पे अंकित स्याही में। न जाने क्यों उसे लगता है उपन्यास में वर्णित नायिका ओर कोई नहीं उसकी माँ ही है। हाँ उसने कभी किसी प्रकाशक के मुँह से सुना भी था कि उसकी माँ – नीलम का कभी अफेयर रहा था उस लेखक से।
उस समय के नवोदित लेखक रिशी और कालेज गर्ल नीलम के अफेयर के चर्चे काफी दर्ज़े मशहूर भी हुए थे। वो पलटती है उपन्यास बैक पेज जिस पर अंकित है लेखक के उस समय का चित्र। बेहद सुन्दर और आकर्षक। कोई बीस – इक्कीस साल से ज्यादा नहीं दिखता वो उस चित्र में।
अचानक वो आईने के सामने आकर खड़ी हो जाती है। कभी खुद को तो कभी लेखक के उस पुराने चित्र को देखते हुए।
–अचानक ही चौंकती है वो, क्या ……?
–हाँ मिलते तो है नैन – नख्श उसके, उस लेखक से।
–तो क्या …?
–हाँ हो सकता है। अफेयर में अंतरंग सम्बन्ध बनना कोई बड़ी बात तो नहीं। तो क्या वो उसके माँ के अफेयर की निशानी है ? क्या मशहूर लेखक रिशी उसका पिता ……?
–नहीं, ये नहीं हो सकता। वो अपनी जिज्ञासा का खुद ही समाधान करती है। अगर ऐसा होता तो उसका दिल रिशी की कहानियां पढ़कर धड़कता नहीं। उसके रोयं रिशी की कवितायेँ पढ़कर सिहरते नहीं।

‘ये कौन सी किताब है तुम्हारे हाथ में वर्तिका ? कहाँ से मिली तुम्हे ?’ माँ की आवाज़ उसके विचारो की श्रृंखला तोड़ देती है।
वर्तिका चौंककर हाथ में पकडे उपन्यास को देखकर कहती है ‘मॉम, रिशी का ये उपन्यास आपके पुराने बॉक्स से मिला है मुझे। क्या आप भी उनकी फैन है ?’
अपनी बेटी वर्तिका के सवाल पर नीलम तनिक झेंपती है फिर बात बनाके बोली – ‘हाँ एक – दो उपन्यास पढ़े थे मैने कालेज लाइफ में। ठीक – ठाक लिखता था। इधर हाल में तो मैने उसका कोई उपन्यास नहीं पढ़ा। क्या कोई नया रिलीज हुआ है ?’
‘हाँ हुए तो हैं।’ वर्तिका अपनी माँ की बात से उत्साहित है।
‘ठीक है देना। फुरसत मिली तो पढूंगी।’ कह कर नीलम चली जाती है और वर्तिका सोचने लगती है सच इतना अच्छा लिखने वाले लेखक को बॉयफ्रेंड के रूप में उसकी खूबसूरत माँ जरूर डिजर्व करती होगी।
0000
दो – तीन दिन बाद वर्तिका को चांस मिलता है। वो अपनी सहेली सोनम के साथ पहुँच जाती है रिशी का कहानी पाठ सुनने।
पूरा हाल खचाखच भरा है। सोनम को पहले से ही अंदेशा था इतनी भीड़ का। तभी वो वर्तिका को लेकर समय से काफी पहले आ गई थी। टिकट तो उसने दो दिन पहले ही ले लिए थे। सोनम भी प्रशंशक है वर्तिका की तरह रिशी के लेखन की। दोनों सहेलियां जमी हैं आगे की दो कुर्सियों पे बिल्कुल मंच के सामने जहाँ रिशी को कहानी पाठ करना है।
रिशी आता है। आकर बैठ जाता है उस सोफे पे जिसके सामने माईक लगा है। उतना खूबसूरत उतना ही स्मार्ट जितना बीस – इकीस की उम्र में था। जबकि अब तो लगभग चालीस का है।
उद्घोषक रिशी के कहानी पाठ से पहले उसका परिचय कराते हुए कहता है ‘ये है मशहूर लेखक रिशी जो पिछले बीस सालो से युवा दिलो की धड़कन है।’ फिर वो तनिक रूककर मुस्कराते हुए बोला ‘खासकर युवा लड़कियों के।’
उद्घोषक की बात सुनकर वर्तिका का दिल धड़क उठता है। अपने दिल को यूँ धड़कने की वजह वर्तिका नहीं जानती। पूरी रौ में कहानी पाठ करता है रिशी। रिशी और उसकी कहानी में डूबी वर्तिका बार – बार खुद को रिशी की नायिका समझती है और हर बार अपनी इस सोच पे लजाती है।
‘तुम में एक पहचानी सी खुशबु है।’ वर्तिका को आटोग्राफ देते हुए रिशी कहता है। रिशी की बात सुनकर वर्तिका लरज़ जाती है। तो क्या रिशी ने पहचान लिया है उसे ? तो क्या वो जान गया है कि वर्तिका उसकी प्रेमिका रही नीलम की बेटी है ?
रिशी ओर लोगो को आटोग्राफ देने में व्यस्त हो जाता है और वर्तिका के दिमाग में अंधड़ दौड़ते रहते है। ये अंधड़ उससे कहते कि जो प्यार अँधा होता है तो वो रिशी से प्यार करने लगी है। ये जानते हुए भी कि कभी उसकी माँ भी रिशी की प्रेमिका रही है।
0000

‘जो रिशी उसका पिता हुआ ?’ लरज़ जाती है वर्तिका अपने दिल में उठे इस विचार के ख्याल भर से।
नहीं – नहीं ऐसा नहीं हो सकता। जिसके ख्याल भर से उसके दिल की धड़कने बढ़ जाती है उसे उसका पिता बनाकर भगवान उससे इतना बड़ा मज़ाक नहीं कर सकते। पर रिशी, उसके नैन – नख्श मिलते है उससे। फिर आज रिशी ने उसे देखते ही कहा कि ‘वर्तिका तुम्हारी खुश्बू जानी – पहचानी सी लगती है।
बार – बार करवटे बदलती है वर्तिका। नींद उसकी आँखों से कोसो दूर है। करवटें बदल – बदल कर वो थक जाती है। थक कर वो कमरे से बाहर आ जाती है। टैरेस पर ठंडी हवा में जाने के लिए। मम्मी के कमरे के सामने से गुज़रते हुए वो देखती है, मम्मी के कमरे की लाईट जल रही है। इतनी रात गए मम्मी के कमरे में लाईट ? वर्तिका सोचकर खिड़की के पास जाती है। पापा वापस लम्बे आफिस टूर पे निकल गए हैं। बस इसलिए वर्तिका की हिम्मत पड़ जाती है मम्मी के कमरे में खिड़की से झाँकने की।
तकिये के सहारे अधलेटी, लेटी हुई है नीलम। हाथ में कोई किताब लेकर उसे पढ़ते हुए। वर्तिका देखती है ये वही किताब है जो उसने रिशी के कहानी पाठ वाले हाल से खरीदी थी और उस पर उसने रिशी का आटोग्राफ लिया था।
वर्तिका वापस कमरे में आ जाती है। अपनी मम्मी और रिशी के बारे में सोचते हुए।
0000
न जाने कितनी बार वो कागज के उस टुकड़े को चूम कर अपनी आँखों से लगाती है।
आज वर्तिका को रिशी का खत आता है। उसके पहले खत का ही रिशी ने जवाब दिया है। उससे पूछा है क्या वो वही लड़की है जो उसे कहानी पाठ वाले दिन मिली थी। रिशी ने अपने इस खत में अपनी इस बात की वजह भी लिखी है ‘इस खत से वही खुश्बू आ रही है जो उसने उस दिन महसूस की थी।’
वर्तिका कोशिश करती है अपनी देह की खुश्बू महसूस करने की। वो महसूस करती है खुश्बू। अपनी नहीं। अपनी देह से उठती रिशी की खुश्बू को।
रिशी से मिलने की इच्छा जताती है वो खत लिखकर। जिसे रिशी कबूल कर लेता है।
सामने बैठा रिशी उसे उसका बॉयफ्रेंड लगता है। वर्तिका सोचती है – ‘जैसे आज वो रिशी के सामने बैठी है वैसे ही उसकी मम्मी रिशी के सामने बैठती होगी। रिशी बातें करता रहता है। वो भी करती है।
‘आजकल क्या लिख रहे हो ?’ वर्तिका पूछ लेती है।
‘उपन्यास।’
टाईटल क्या है ?’
‘अधूरे फ़साने की मुकम्मल नज़्म।’ कहकर रिशी, वर्तिका की आँखों में झांकता है और वर्तिका, अपने रिशी और मम्मी के बारे में सोचने लगती है।
उसकी मम्मी रिशी का अधूरा फ़साना है। वर्तिका ये तो जानती है पर क्या वो खुद उस अधूरे फ़साने की मुकम्मल नज़्म है ? वर्तिका जानना चाहती है उस मुकम्मल नज़्म के बारे में। जानने के लिए रिशी से मिलती है। बार – बार मिलती है।
0000
उस शाम रिशी उससे कहता है ‘वर्तिका मैं लाख कोशिश के बाद भी ये न जान सका कि तुम्हारे जिस्म से उठती खुश्बू को कैसे पहचानता हूँ ?’
‘नीलम को जानते है आप ?’ वर्तिका अब ज़िंदगी की हर गुत्थी सुलझाना चाहती है।
‘हाँ, पर तुम उन्हें कैसे जानती हो ?’ रिशी चौंक वर्तिका की आँखों में नीलम को तलाशता है।
‘उन्ही की खुश्बू है मेरे बदन में।’ वर्तिका कहकर अपनी नज़रे उतार देती है रिशी की गहरी आँखों में।
–खामोश रह जाता है रिशी वर्तिका को देखते हुए।
रिशी को खामोश देखकर, कुछ देर बाद वर्तिका कहती है ‘कहीं इसमें आपकी खुश्बू तो शामिल नहीं ?’
‘नहीं जनता ?’ कह कर रिशी उठ जाता है।
उसे जाता देखकर वर्तिका पूछती है ‘आपका उपन्यास कब आ रहा है मम्मी पूछ रही थी।’
‘शायद कभी नहीं।’ रिशी रुक कर बिना पलटे जवाब देता है।
‘क्यों ?’ वर्तिका उसके सामने आ जाती है।
‘क्योंकि अधूरे फ़साने की नज़्म भी अधूरी ही रहती है।’ रिशी वर्तिका के बगल से निकल जाता है। और वर्तिका वापस सोचने लगती है अपने, रिशी और मम्मी के बारे में।
वर्तिका की ऑंखें लाल है। रात भर उसे नींद नहीं आई है। उसकी ज़िंदगी की गुत्थी सुलझने की जगह और ज्यादा उलझ गई है। रिशी को खुद मालूम नहीं कि वो उसका अंश है या नहीं। अब उसे सिर्फ उसकी मम्मी बता सकती है कि उसकी देह की खुश्बू में क्या रिशी की खुश्बू शामिल है।
नीलम, किचेन में नाश्ता तैयार कर रही है। वर्तिका की नज़र आज के न्यूजपेपर पर पड़ती है। चौंक पड़ती है वर्तिका न्यूज पेपर में अपनी और रिशी की फोटो देख कर। आमने – सामने बैठे। एक – दूसरे की आँखों में झांकते हुए।
‘एनादर ऑफर ऑफ़ आथर रिशी’ की हेड़लाईन के साथ।
ओह ये खबर उसे कहीं का न छोड़े। इससे पहले उसे सुलझानी ही होगी आज अपने जीवन की गुत्थी। वर्तिका भागकर अपनी मम्मी के पास जाती है।
‘क्या रिशी मेरे पिता है ?’ सीधा सवाल करती है वर्तिका अपनी मम्मी से। उसके पास अब वक़्त जो नहीं है।
कुछ देर वर्तिका को देखकर कुछ सोचते हुए नीलम बोली ‘अगर रिशी तेरे पिता हुए तो ?’
‘तो मुझे ख़ुशी होगी।’ वर्तिका दीवार का सहारा लेती है न्यूज पेपर बगल में दबा हुआ है।
‘और अगर नहीं हुए ?’ नीलम अपनी बेटी के कंधे पकड़ के उसे सहारा देती है।
‘तो मुझे ज्यादा ख़ुशी होगी।’ वर्तिका अपनी मम्मी की बात और हाथ से सम्हलती है।
‘रिशी तुम्हारे पिता नहीं …। अभी नीलम की बात पूरी भी नहीं हुई थी कि वर्तिका वहां पलट कर घर से बाहर की ओर भागी।
‘अरे कहाँ भागी जा रही है इतनी जल्दी में।’ नीलम ने बेटी को पुकारा था।
‘अधूरे फ़साने की मुक़म्मल नज़्म बनने।’
वर्तिका ने उसी तरह भागते हुए बिना पलटे हुए कहा।
0000

सुधीर मौर्य
ग्राम और पोस्ट – गंज जलालाबाद
जनपद – उन्नाव, 209869
उत्तर प्रदेश
Sudheermaurya1979@rediffmail.com
09145176548

सुधीर मौर्य

नाम - सुधीर मौर्य जन्म - ०१/११/१९७९, कानपुर माता - श्रीमती शकुंतला मौर्य पिता - स्व. श्री राम सेवक मौर्य पत्नी - श्रीमती शीलू मौर्य शिक्षा ------अभियांत्रिकी में डिप्लोमा, इतिहास और दर्शन में स्नातक, प्रबंधन में पोस्ट डिप्लोमा. सम्प्रति------इंजिनियर, और स्वतंत्र लेखन. कृतियाँ------- 1) एक गली कानपुर की (उपन्यास) 2) अमलतास के फूल (उपन्यास) 3) संकटा प्रसाद के किस्से (व्यंग्य उपन्यास) 4) देवलदेवी (ऐतहासिक उपन्यास) 5) मन्नत का तारा (उपन्यास) 6) माई लास्ट अफ़ेयर (उपन्यास) 7) वर्जित (उपन्यास) 8) अरीबा (उपन्यास) 9) स्वीट सिकस्टीन (उपन्यास) 10) पहला शूद्र (पौराणिक उपन्यास) 11) बलि का राज आये (पौराणिक उपन्यास) 12) रावण वध के बाद (पौराणिक उपन्यास) 13) मणिकपाला महासम्मत (आदिकालीन उपन्यास) 14) हम्मीर हठ (ऐतिहासिक उपन्यास ) 15) अधूरे पंख (कहानी संग्रह) 16) कर्ज और अन्य कहानियां (कहानी संग्रह) 17) ऐंजल जिया (कहानी संग्रह) 18) एक बेबाक लडकी (कहानी संग्रह) 19) हो न हो (काव्य संग्रह) 20) पाकिस्तान ट्रबुल्ड माईनरटीज (लेखिका - वींगस, सम्पादन - सुधीर मौर्य) पत्र-पत्रिकायों में प्रकाशन - खुबसूरत अंदाज़, अभिनव प्रयास, सोच विचार, युग्वंशिका, कादम्बनी, बुद्ध्भूमि, अविराम,लोकसत्य, गांडीव, उत्कर्ष मेल, अविराम, जनहित इंडिया, शिवम्, अखिल विश्व पत्रिका, रुबरु दुनिया, विश्वगाथा, सत्य दर्शन, डिफेंडर, झेलम एक्सप्रेस, जय विजय, परिंदे, मृग मरीचिका, प्राची, मुक्ता, शोध दिशा, गृहशोभा आदि में. पुरस्कार - कहानी 'एक बेबाक लड़की की कहानी' के लिए प्रतिलिपि २०१६ कथा उत्सव सम्मान। संपर्क----------------ग्राम और पोस्ट-गंज जलालाबाद, जनपद-उन्नाव, पिन-२०९८६९, उत्तर प्रदेश ईमेल ---------------sudheermaurya1979@rediffmail.com blog --------------http://sudheer-maurya.blogspot.com 09619483963