समाचार

देहरादून में शहीद ऊधम सिंह जयन्ती समारोह श्रद्धामय वातावरण में सम्पन्न

आज रविवार 27 दिसम्बर, 2015 को देहरादून काम्बोज सभा के तत्वावधान में शहीद ऊधम सिंह जी का 116 हवां जयन्ती समारोह देहरादून के मोथरोवाला ग्राम में ‘‘काम्बोज विवाहोत्सव स्थल” पर आयोजित किया गया जिसमें देहरादून के काम्बोज बन्धु, उनके परिवार एवं आमंत्रित अतिथि सम्मिलित हुए। आयोजन के आरम्भ में वैदिक रीति से यज्ञ-अग्निहोत्र सम्पन्न किया गया। यज्ञ के पुरोहित का दायित्व श्री मनमोहन कुमार आर्य ने वहन किया। पूर्ण वैदिक रीति से वृहत यज्ञ सम्पन्न हुआ। यज्ञ सम्पन्न होने के बाद वृहत सभा हुई जिसे श्री ईश्वरदयालु आर्य, श्री अश्विनी काम्बोज, श्री बाबू लाल, श्रीमति योगमाया जी सहित विशेष अतिथि एवं अन्य अनेक वक्ताओं एवं शिक्षित बहनों ने सम्बोधित किया। आज के समारोह के विशेष अतिथि देहरादून के विधायक श्री उमेश शर्मा थे। सभी वक्ताओं ने श्री ऊधम सिंह जी के जीवन की घटनाओं को श्रद्धापूर्ण शब्दों में प्रस्तुत किया।

 

यह स्मरणीय है कि शहीद ऊधम सिंह जी का जन्म सन् 1899 में हुआ सुनाम, जिला संगरूर, पंजाब में हुआ था। उनके पिता रेलवे में नौकरी करते थे। दो वर्ष की आयु में पहले माता का और फिर आठ वर्ष की आयु में पिता श्री चुहड़ सिह का देहान्त हो गया। आप और आपके बड़े भाई श्री मुक्ता सिंह का पालन अमृतसर के पुतलीबाई क्षेत्र के एक अनाथालय में हुआ। सन् 1919 की 15 अप्रैल को अमृतसर के जलियांवाला बाग में दिल को दहला देने वाला नरसंहार हुआ जिसे विदेशी अंग्रेजी शासन के अधिकारी बिग्रेडियर जनरल रेजीनाल्ड डायर के आदेश से अंजाम दिया गया था। इस नरसंहार में निहत्थे, अंहिसक शान्त देशभक्तों पर बिना चेतावनी अन्धाधुंध गोलियां चलाई गई जिससे 379 देशवासी घटनास्थल पर ही दम तोड़ गये और 1200 से अधिक घायल हो गये थे। 20 वर्षीय युवा ऊधमसिंह जी इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी थे। इन्होंने इस हृदयविदारक घटना को देखकर इस नरसंहार के दोषी अपराधी अधिकारी को मौत के घाट उतारने का प्रण लिया। यह प्रण उन्होंने 13 मार्च सन् 1940 को लन्दन के कैक्सटन हाल में एक सभा में जाकर वहां उपस्थित पंजाब के तत्कालीन गवर्नर जनरल माइकेल ओडायर को गोलीमार पूरा किया। श्री ऊधमसिंह जी ने इस घटना को अंजाम देकर जनरल ओडायर को भी जलियांवाला बाग में शहीद हुए देशभक्तों के पास ही पहुंचा दिया था।

 

श्री ऊधम सिंह जी की देशभक्ति एवं वीरता का यह एक अनोखा उदाहरण है जिससे देश की युवापीढ़ी प्रेरणा ग्रहण कर देश की एकता अखण्डता को अक्षुण रखते हुए सामाजिक सदभाव उत्पन्न कर देश को उन्नति के शिखर पर ले जा सकती है। सभा में सभी वक्ताओं ने शहीद ऊधमसिंह को श्रद्धापूर्वक अपनी शब्दाजंलि प्रस्तुत की। इस अवसर के कुछ चित्र अवलोकनार्थ प्रस्तुत हैं।

 

मनमोहन कुमार आर्य

2 thoughts on “देहरादून में शहीद ऊधम सिंह जयन्ती समारोह श्रद्धामय वातावरण में सम्पन्न

  • मनमोहन जी , उधम सिंह की जीवनी और उन के देश के लिए बलिदान के बारे में जन कर अच्छा लगा .

    • मनमोहन कुमार आर्य

      नमस्ते एवं हार्दिक धन्यवाद आदरणीय श्री गुरमेल सिंह जी।

Comments are closed.