गीत/नवगीत

(रोला गीत) सर्व धर्म-समभाव, कहे आजाद तिरंगा

रोला गीत

बैर भाव को त्याग,रखें  बस तन-मन चंगा

सर्व धर्म-समभाव, कहे आजाद तिरंगा

 

बच्चे चलते साथ  ,लिए हाथों में झंडा

गपशप में हैं व्यस्त,हँसी का कोई फंडा

बचपन है मासूम ,दिलों में निर्मल गंगा

सर्व धर्म-समभाव, कहे आजाद तिरंगा

 

उजले हैं परिधान,भावना दिल में उजली

मुख पर है मुस्कान,न कोई कलुषित बदली

बाल हृदय से दूर ,सुलगता  द्वेष पतंगा

सर्व धर्म-समभाव, कहे आजाद तिरंगा

 

धर्म वर्ग के भेद, रहित होते हैं बच्चे

तोड़ें हम ही लोग ,सूत्र होते जो कच्चे

जाति पाँति के बीज ,उगा भड़काते दंगा

सर्व धर्म-समभाव, कहे आजाद तिरंगा

 

आजादी का पर्व,मनाता भारत मेरा

देश प्रेम का भानु,डालता मन में डेरा

सभी मनाते जश्न, मसूरी या दरभंगा

सर्व धर्म-समभाव,कहे आजाद तिरंगा

 

ध्वज है अपनी जान, इसी से चौड़ा सीना

भारत की ये शान ,इसी पर  मरना जीना

हम हैं इसके लाल , न लेना हम से पंगा

सर्व धर्म-समभाव, कहे आजाद तिरंगा

————राजेश कुमारी

राजेश कुमारी

राजेश कुमारी जन्मतिथि १० जून १९५६ जन्म स्थान मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश शिक्षा --------स्नातक (अंग्रेजी साहित्य ,संस्कृत ,राजनीति शास्त्र) स्नाकोत्तर (संस्कृत ) मेरठ विश्वविद्यालय से हुई है | कार्य अनुभव ----कुछ वर्ष -शिक्षण अनुभव(नेवल पब्लिक स्कूल विशाखापत्तनम ) वर्तमान में... ओपन बुक ओन लाइन साहित्यिक वेब साईट की कार्यकारिणी एवं सः संयोजक -कवितायेँ ,लेख ,कहानियां लिखना ,किताबें पढना , संगीत सुनना ,पेंटिंग ,चित्रकारी ,छायाचित्रकारी,ड्राइविंग आदि राजेश कुमारी के शौंक हैं ---बेडमिन्टन ,टेबिल टेनिस ,तैराकी आदि पसंदीदा खेल खाली वक़्त में खेलना पसंद करती हैं| सम्प्रति ----- प्रथम प्रकाशित पुस्तक ----(कविता संग्रह )ह्रदय के उद्दगार है दूसरी पुस्तक ---काव्य कलश तीसरी पुस्तक –ग़ज़ल संग्रह –साहिल पर सीपियाँ , 4-डाली गुलाब पहने हुए ग़ज़ल संग्रह , 5-गुल्लक लघुकथा संग्रह कुछ साझा काव्य संग्रहों जैसे ह्रदय तारों का स्पंदन , खामोश ख़ामोशी और हम , कवितालोक ,गीतिका लोक प्रेमाभिव्यक्ति , जीवन बुनते हुए , स्वर्ण आभा (राजस्थान )में इनकी कुछ कवितायेँ प्रकाशित हुई| यांत्रिकी देहरादून ,क्वावा शी सेज देहली ,हमारा घर,में तथा विभिन्न पत्रिकाओं में कवितायेँ प्रकाशित -- सम्मान –लखनऊ तस्लीम परिकल्पना सम्मान, ओपन बुक ऑनलाइन साहित्य रत्न हल्द्वानी सम्मान,कवितालोक रत्न हिसार सम्मान,जश्ने ग़ज़ल इलाहबाद सम्मान,साहित्य रत्न भोपाल सम्मान| राजेश कुमारी E1/1 CQA(I) ESTATE LADPUR DEHRADUN ,248008 E MAIL---rajeshvirendra@gmail.com