कविता

गौतम से राम तक

गौतम ने तुम्हे पुत्रीवत
पाल पोसकर बडा किया
और अपनी अंकशायिनी बनाया
तुम चुप रहीं
मन ही मन जिसे (इन्द्र) प्रेम करती थीं
उसे पाने की लालसा के बावजूद
विरोध न कर सकीं
चुप रहीं
उस दिन इन्द्र को सामने पा
रुक नहीं पाई तुम
खुद को ढह जाने दिया
उसकी बाहों में
यह तुम्हारा अधिकार भी तो था
प्यार करने का अधिकार
पर इसके एवज
गौतम के आरोप, प्रत्यारोप
तिरस्कार, शाप?
तुम्हे नहीं लगा कि वह
गौतम का
तुम पर एकाधिकार की समाप्ति का
घायल अहंकार,कायरता और दुर्बलता थी?
तुम चुप रहीं
मूक पत्थर हो गईं
पत्थर बन तुम सहती रहीं
लाचारी, बेबसी, घुटन
बदन को गीली लकडी सा सुलगाती
अपमान की ज्वाला
तुम्हारे पाषाण वास में
तुम्हारी पीडा के हित
न गौतम आये न इन्द्र
राम ने तुम्हे पैरों से छुआ
तुम पिघल गईं
खामोशी से पदाघात सह गईं
सोचो अहल्या
गौतम से राम तक की
तुम्हारी यात्रा
पुरुष सत्ता की बिसात पर
औरत को मोहरा नहीं बनाती?

संतोष श्रीवास्तव

संतोष श्रीवास्तव

जन्म....23 नवँबर जबलपुर शिक्षा...एम.ए. (हिन्दी, इतिहास), बी.एड., पत्रकारिता मेँ बी.ए प्रकाशित पुस्तके....बहके बसँत तुम, बहते ग्लेशियर, प्रेम सम्बन्धोँ की कहानियाँ आसमानी आँखों का मौसम (कथा सँग्रह), मालवगढ की मालविका, दबे पाँव प्यार, टेम्स की सरगम, हवा में बँद मुट्ठियाँ (उपन्यास), मुझे जन्म दो माँ (स्त्री विमर्श), फागुन का मन (ललित निबँध सँग्रह), नही अब और नही तथा बाबुल हम तोरे अँगना की चिडिया (सँपादित सँग्रह), नीले पानियोँ की शायराना हरारत (यात्रा सँस्मरण) विभिन्न भाषाओ मेँ रचनाएँ अनूदित, पुस्तको पर एम फिल तथा शाह्जहाँपुर की छात्रा द्वारा पी.एच.डी, रचनाओ पर फिल्माँकन, कई पत्र पत्रिकाओ मेँ स्तम्भ लेखन व सामाजिक, मीडिया, महिला एवँ साहित्यिक सँस्थाओ से सँबध्द, प्रतिवर्ष हेमंत फाउँडेशन की ओर से हेमंत स्मृति कविता सम्मान एवं विजय वर्मा कथा सम्मान का मुम्बई मे आयोजन, महिला सँस्था विश्व मैत्री मँच की संस्थापक, अध्यक्ष पुरस्कार.... अठारह राष्ट्रीय एवं दो अँतरराष्ट्रीय साहित्य एवँ पत्रकारिता पुरस्कार जिनमे महाराष्ट्र के गवर्नर के हाथो राजभवन मेँ लाइफ टाइम अचीव्हमेंट अवार्ड तथा म.प्र. राष्ट्र भाषा प्रचार समिति द्वारा मध्य प्रदेश के गवर्नर के हाथों नारी लेखन पुरस्कार विशेष उल्लेखनीय है। मुझे जन्म दो माँ पुस्तक पर राजस्थान विश्वविद्यालय द्वारा पी एच डी की मानद उपाधि। महाराष्ट्र राज्य साहित्य अकादमी का राज्यस्तरीय हिन्दी सेवा सम्मान। भारत सरकार अंतरराष्टीय पत्रकार मित्रता सँघ की ओर से 25 देशो की प्रतिनिधी के रूप मेँ यात्रा। सँपर्क.. Email kalamkar.santosh@gmail.com Mobile…09769023188