मुक्तक/दोहा

मां – कुछ दोहे

बहन विदेशी-बंधु से, करे फोन पर बात।
अम्मां अंधी हो गई, याद करे दिन -रात।।

जिनके घर में हो रही, नोटों की बरसात।
उनकी मां फुटपाथ पर, खाती बासी भात।।

तीन पूत त्रयलोक के, दिए त्रिलोकीनाथ।
वह मां आश्रम में रहे, दुनिया कहे अनाथ।।

भूखी -प्यासी मां रहे, तनिक न उनको ध्यान।
घर में उनके पल रहे, महंगे -महंगे श्वान।।

दान -पुण्य करता फिरे, जाकर गंग नहाय।
चरण धूलि मां की नहीं, लेता शीश लगाय।।

मां को कभी न मानिए, अपने ऊपर भार।
मां के ही आशीष से, कोठी, बंगला, कार।।

मां से ही घर स्वर्ग है, बिन मां नरक समान।
मां जैसा रिश्ता नहीं, दूजा ‘राज’ जहान।।

— राजकुमार धर द्विवेदी

वरिष्ठ उप -संपादक, नईदुनिया, रायपुर, (छत्तीसगढ़ ),

मोबाइल -7415338202

राजकुमार धर द्विवेदी

1. नाम: राजकुमार धर द्विवेदी 2. धारक नाम / उपनाम (लेखन हेतु): विद्रोही / राज 3. जन्मदिन एवं जन्म स्थान: 0 7- 07 - 1967, ग्राम -झरी, पो. -पांती, हनुमना, जिला -रीवा, (मध्यप्रदेश)। 4. शैक्षणिक योग्यता (ऐच्छिक): स्नातक। 5. व्यवसाय: पत्रकारिता -वरिष्ठ उप -संपादक -'नईदुनिया', रायपुर (छत्तीसगढ़ ) जागरण समूह। 6. प्रमुख लेखन विधा: कविता (गीत/अन्य छंद/ नई कविता ) 7. साहित्यिक उपलब्धियाँ/पुरस्कार/सम्मान: -------कादम्बिनी, धर्मयुग, साप्ताहिक हिंदुस्तान, नंदन, पराग, सरिता, मुक्ता, चंपक और विभिन्न समाचार पत्रों में कविता-कहानी, लेख आदि का प्रकाशन और आकाशवाणी से नाटकों, वार्ताओं व कविताओं का प्रसारण। विभिन्न मंचों से काव्य -पाठ। साहित्य और पत्रकारिता के कई पुरस्कार प्राप्त। सतना, जबलपुर, रायपुर में कई बार सम्मानित। 8. रुचि/शौक़: बच्चों के लिए लिखने में खास रुचि, मित्र बनाना , घूमना, दर्दभरे गाने सुनना। 9. वर्तमान पता एवं सम्पर्क सूत्र (ऐच्छिक) : दैनिक नईदुनिया, जेल रोड, रायपुर (छत्तीसगढ़ ). मोबाइल - 7415338202 / 09425484657