कविता

“शून्य से जीवन शुरू”

शून्य में दुनिया समायी, शून्य से संसार है।
शून्य ही विज्ञान का अभिप्राण है आधार है।।

शून्य से ही नाद है और शून्य से ही शब्द हैं।
शून्य के बिन, प्राण-मन, सम्वेदना निःशब्द हैं।।

शून्य में हैं कल्पनाएँ, शून्य मे है जिन्दगी।
शून्य में है भावनाएँ, शून्य में है बन्दगी।।

शून्य ही है जख़्म, उनका शून्य ही मरहम बना।
शून्य के बिन गणित का, सिद्धान्त तो है अनमना।।

शून्य में ही चैन हैं, और शून्य मे ही मौन हैं।
शून्य जैसे सार्थक को, सब समझते गौण हैं।।

शून्य से गणनाएँ होती, शून्य ही आकाश हैं।
ग्रह-उपग्रह, चाँद-तारे, शून्य के ही पास हैं।।

शून्य से जीवन शुरू है, शून्य पर ही अन्त है।
आदि से ही शून्य का महिमा अपार-अनन्त है।।

शून्य के बिन साधना का भी अधूरा ज्ञान है।
शून्य से ही तो हमारी विश्व में पहचान है।।

(डॉ. रूपचन्द्र शास्त्री ‘मयंक’)

*डॉ. रूपचन्द शास्त्री 'मयंक'

एम.ए.(हिन्दी-संस्कृत)। सदस्य - अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग,उत्तराखंड सरकार, सन् 2005 से 2008 तक। सन् 1996 से 2004 तक लगातार उच्चारण पत्रिका का सम्पादन। 2011 में "सुख का सूरज", "धरा के रंग", "हँसता गाता बचपन" और "नन्हें सुमन" के नाम से मेरी चार पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। "सम्मान" पाने का तो सौभाग्य ही नहीं मिला। क्योंकि अब तक दूसरों को ही सम्मानित करने में संलग्न हूँ। सम्प्रति इस वर्ष मुझे हिन्दी साहित्य निकेतन परिकल्पना के द्वारा 2010 के श्रेष्ठ उत्सवी गीतकार के रूप में हिन्दी दिवस नई दिल्ली में उत्तराखण्ड के माननीय मुख्यमन्त्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा सम्मानित किया गया है▬ सम्प्रति-अप्रैल 2016 में मेरी दोहावली की दो पुस्तकें "खिली रूप की धूप" और "कदम-कदम पर घास" भी प्रकाशित हुई हैं। -- मेरे बारे में अधिक जानकारी इस लिंक पर भी उपलब्ध है- http://taau.taau.in/2009/06/blog-post_04.html प्रति वर्ष 4 फरवरी को मेरा जन्म-दिन आता है