गीत/नवगीत

उजियार होगा या नहीं

रवि किरण ने कर लिया रिस्ता तिमिर से,
कौन जाने भोर को उजियार होगा या नहीं।
हर तरफ छाई निराशा,
आस की बस लाश बाकी।
साँझ तो सिसकी अभी तक,
भोर में फैली उदासी।
तम सघन में चल पड़ी जब, तम-किरण की पालकी,
अब दीप अपने वंश का अवतार होगा या नहीं।
अब मुस्कराहट फूल की,
नीलाम होती हर गली में।
दिन दहाड़े भ्रँवर अब तो,
झाँकता है हर कली में।
बागवाँ के चरण दूषित, क्या करें मासूम कलियाँ,
कौन जाने बाग अब गुलज़ार होगा या नहीं।
करता अब शोषण शासन ही,
महलों से दाता का नाता।
भूखा यदि रोटी माँगे तो,
हथकड़ियों का गहना पाता।
महलों का निर्माता, फुटपाथों पर सोया करता,
राम-राज्य का स्वप्न अब साकार होगा या नहीं।
मानव-मानव का रक्त पिये,
क्या यही नीति का सार है।
द्रुपदाओं के चीर खिचें,
क्या यही नीति का सार है।
सत्य ही बन्दी बना जब, कंस के दरबार में,
कौन जाने कृष्ण का अवतार होगा या नहीं।
आनन्द विश्वास

 

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com