लघुकथा

समय के अनुसार

गुप्ता जी अपने मित्र के प्रश्न की प्रतीक्षा कर रहे थे। वह जानते थे कि एक अर्से के बाद मिले उनके प्रिय मित्र उनके जीवन के नए बदलाव के विषय में जानने को उत्सुक थे। इसी कारण उन्होंने भोजन के बाद टहलने जाने का प्रस्ताव रखा था। गुप्ता जी की प्रतीक्षा जल्दी ही समाप्त हो गई।

“आपने विवाह कब किया?” उनके मित्र ने पूँछा।

“छह महीने हो गए।”

“क्या यह आवश्यक था। मेरा मतलब है इस उम्र में…”

“आवश्यक ना होता तो ना करता। रही उम्र की बात तो इस आयु में ही किसी के साथ की सबसे अधिक ज़रूरत होती है।”

“हाँ लेकिन हमारे समाज में यह बात इतनी सहज नहीं है।”

गुप्ता जी कुछ सोंच कर बोले।

“समाज की मान्यताएं समय और आवश्यक्ता के हिसाब से बदलती हैं। आज जिस प्रकार समाज बदला है पारिवारिक ढांचा भी बदल गया है। ऐसे में कब तक मैं अपने एकाकीपन की शिकायत अपने बच्चों से करता।”

उनका उत्तर सुन कर उनके मित्र सोंच में पड़ गए। वह भी एकाकीपन का शिकार थे।

*आशीष कुमार त्रिवेदी

नाम :- आशीष कुमार त्रिवेदी पता :- C-2072 Indira nagar Lucknow -226016 मैं कहानी, लघु कथा, लेख लिखता हूँ. मेरी एक कहानी म. प्र, से प्रकाशित सत्य की मशाल पत्रिका में छपी है