हास्य व्यंग्य

हास्य व्यंग्य – होली की हुल्लड़बाजी

होली पर हुल्लड़ न्यूज़ चैनल की स्पेशल रिपोर्ट के तहत आइए देश -विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में होली के हुड़दंग की कवरेज देखते है इंडिया की एकमात्र चैनल हुल्लड़ न्यूज़ पर।  कवरेज़ गोबरधन निराला की है।
आप अपने टीवी स्क्रीन पर देख रहे है छः विभिन्न क्षेत्रों की लाइव कवरेज।
                   पहली तस्वीर जो आपके टीवी स्क्रीन पर आ रही है वो किसी कबाड़खाने का नहीं बल्कि पंजाब नेशनल बैंक का है जहाँ कुछ दिन पहले ही नीरव मोदी अधिकारियों के साथ मिलकर धुड़खेल वाली होली खेलकर विदेश को निकले है।
#दृश्य 2 (इंग्लैंड से)
 जैसा कि आप देख पा रहे है सीबीआई हाथों में पिचकारी लेकर नीरव मोदी के पीछे दौड़ रही है और अरूण जेटली जी गुलाल का पैकेट थामें गुलाटी मारते हुए मोदी(नीरव) के पीछे लगे है।तभी बिगबैन की छत पर बैठे विजय माल्या ने किंगफिशर बियर की पुरानी बोतलों में भरे रंगों को नीचे से गुजरते जेटली पर उड़ेल दिया।मौका देखकर नीरव भी माल्या के पास सुरक्षित स्थान पर पहुँच जाते है और उपर से फगुआ गीत गा रहे है।
      “भारत के बैंकों में है
         रूपया ढेर सारा।
      भारत के बैंकों में है
         रूपया ढेर सारा।
     जरूरतमंद को देते नहीं
         सो हमने अरबों डकरा।
          जोगीरा सा रा रा रा।।
#दृश्य 3 (बिहार से)
                   प्रवर्तन निदेशालय आय से अधिक संपत्ति मामले में बिहार सुप्रीमों की फैमिली के साथ धुड़खेल खेलने के लिए सुप्रीमों के रिश्तेदारों के पीछे दबे पाँव आगे बढ रही है। तभी पीछे से तेजप्रताप जी ने स्वच्छता अभियान वाले डस्टबिन के कुड़े को अधिकारियों पर उड़ेलते हुए बोले-
    मोदी की बात पर करते हो तंग
   मोदी की बात पर करते हो तंग।
भागो चुपचाप वरना और डालेंगें रंग।
   जोगीरा सा रा रा रा।।
#दृश्य 4 (दिल्ली भाजपा कार्यालय से)
मोदीजी राहुल गांधी की पीठ पर हरे रंग से भरा गुब्बारा मारते हुए बोले
पोगो पर जाकर देखो मोटू-पतलू
पोगो पर जाकर देखो मोटू-पतलू
 पीएम का ख्वाब देखना, छोड़ दो पप्पू।
      जोगीरा सा रा रा रा।।
राहुल मोदी जी के हरे रंग को उन्हीं की सफेद दाढ़ी पर पोतते हुए बोले
      माल्या भागा मोदी भागा
      कहीं  दिखा नहीं विकास।
   माल्या भागा मोदी भागा
      कहीं  दिखा नहीं विकास।
    अच्छे दिन के जुमलेबाजों
     2019 में दिख जाएगा आकाश।।
         जोगीरा सा रा रा रा।।
#दृश्य 5 (आप के कार्यालय से)
अमित शाह केजरीवाल के चेहरे को गुलाबी रंग से पोतते हुए
      बीस गए बाहर, जेल में गए दो।
       बीस गए बाहर, जेल में गए दो।
       किरकिरीवाल के एमएलए की
           जय हो जय हो।
         जोगीरा सा रा रा रा।।
केजरीवाल जी मफलर से मुंह पोछते हुए
       अच्छे दिन में खुब चलाया
        मंहगाई का हथौड़ा।
     अच्छे दिन में खुब चलाया
        मंहगाई का हथौड़ा।
      अगले चुनाव में जनता तुमसे
        तलवाएगी पकौड़ा।
      जोगीरा सा रा रा रा।।
 #दृश्य 6 (लखनऊ से)
    योगी जी कमलासन रथ पर सवार होकर लखनऊ में भगवा गुलाल उड़ाते हुए गा रहे है “होली खेले रघुवीरा अवध में होली खेलें रघुवीरा”
पीछे से हाथी पर सवार पिचकारी लिए मायावती एवं कीचड़ की बाल्टी लिए साइकिल का पैडल मारते हुए अखिलेश चिल्लाए
   “जोगी जी धीरे-धीरे”
और पीछे से भक्तों की सामूहिक आवाज आई “जोगी जी वाह जोगी जी”।
हुल्लड़ होली की और भी कई तस्वीरें हम आपको दिखाएंगे एक छोटे से ब्रेक के बाद तबतक आप आधार कार्ड से हुल्लड़ न्यूज़ को लिंक कर बने रहिए हमारे साथ।
—  विनोद कुमार विक्की 

विनोद कुमार विक्की

शिक्षा:-एमएससी(बी.एड.) स्वतंत्र पत्रकार सह व्यंग्यकार, महेशखूंट बाजार, खगडिया (बिहार) 851213