गीत/नवगीत

गीत

           नज्में लिखना गाया करना

तल तक कविवर जाया करना ढूंढ के मोती लाया करना |

नज्में लिखना गाया करना जग को सच समझाया करना ||

 

इतिहास की निर्मम भूलों पर विकृतियों के तीक्ष्ण शूलों पर |

हिलती समय की चूलों पर लू झुलसाए  फूलों पर ||

कविवर आँखें मूँद न लेना अपनी दृष्टि दौड़ाया करना | नज्में …||

 

दंगों और फसादों पर पसर रहे अवसादों पर |

सियासत के झूठे वादों पर मुंसिफ और प्यादों पर ||

सब कुछ लिखना देखा भोगा अपना फ़र्ज निफाया करना |नज्में ..||

 

अनसुलझे संवादों पर सत्ता के लगे स्वादों पर |

वादों और विवादों पर रूढ़िवादी लबादों पर ||

गूढ़ विवेचन करना प्यारे अपनी कलम चलाया करना | नज्में …||

 

भटकाते अंधेरों पर मलिन स्वार्थ के ढेरों पर |

मृगतृष्णा के फेरों पर ऊबे हुए सवेरों पर ||

कैसे पार पाओगे प्यारे अपनी राय बताया करना | नज्में …||

 

दुराचारों व्यभिचारों पर राह भटकाते नारों पर |

जात धर्म के खारों पर सिसक रहे उजियारों पर ||

कोई जागे या न जागे तुम आवाज लगाया करना | नज्में …||

 

आस्तीं के साँपों पर सत्ता के माई बापों पर |

कण कण व्याप्त पापों पर जग के सकल संतापों पर ||

नई जमीनें तोड़ा करना शब्द – सुमन उगाया करना | नज्में …||

 

लुटे हुए जज्बातों पर अपनों के भीतरघातों पर |

अंधियारी काली रातों पर तेजाबी बरसातों पर ||

घबराकर तुम भाग न जाना कोई हल सुझाया करना | नज्में …||

 

किसने – किसने चांदी कूटा कितना पाया कितना छूटा |

वेश बदलकर किसने लूटा कितना जोड़ा कितना टूटा ||

तेरे जिम्में है ये सब कविवर सारा गणित लगाया करना | नज्में …||

अशोक दर्द प्रवास कुटीर बनीखेत जिला चंबा हिमाचल प्रदेश १७६३०३

 

 

 

 

अशोक दर्द

जन्म –तिथि - 23- 04 – 1966 माता- श्रीमती रोशनी पिता --- श्री भगत राम पत्नी –श्रीमती आशा [गृहिणी ] संतान -- पुत्री डा. शबनम ठाकुर ,पुत्र इंजि. शुभम ठाकुर शिक्षा – शास्त्री , प्रभाकर ,जे बी टी ,एम ए [हिंदी ] बी एड भाषा ज्ञान --- हिंदी ,अंग्रेजी ,संस्कृत व्यवसाय – राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हिंदी अध्यापक जन्म-स्थान-गावं घट्ट (टप्पर) डा. शेरपुर ,तहसील डलहौज़ी जिला चम्बा (हि.प्र ] लेखन विधाएं –कविता , कहानी , व लघुकथा प्रकाशित कृतियाँ – अंजुरी भर शब्द [कविता संग्रह ] व लगभग बीस राष्ट्रिय काव्य संग्रहों में कविता लेखन | सम्पादन --- मेरे पहाड़ में [कविता संग्रह ] विद्यालय की पत्रिका बुरांस में सम्पादन सहयोग | प्रसारण ----दूरदर्शन शिमला व आकाशवाणी शिमला व धर्मशाला से रचना प्रसारण | सम्मान----- हिमाचल प्रदेश राज्य पत्रकार महासंघ द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कविता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कृत , हिमाचल प्रदेश सिमौर कला संगम द्वारा लोक साहित्य के लिए आचार्य विशिष्ठ पुरस्कार २०१४ , सामाजिक आक्रोश द्वारा आयोजित लघुकथा प्रतियोगिता में देशभक्ति लघुकथा को द्वितीय पुरस्कार | इनके आलावा कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित | अन्य ---इरावती साहित्य एवं कला मंच बनीखेत का अध्यक्ष [मंच के द्वारा कई अन्तर्राज्यीय सम्मेलनों का आयोजन | सम्प्रति पता –अशोक ‘दर्द’ प्रवास कुटीर,गावं व डाकघर-बनीखेत तह. डलहौज़ी जि. चम्बा स्थायी पता ----गाँव घट्ट डाकघर बनीखेत जिला चंबा [हिमाचल प्रदेश ] मो .09418248262 , ई मेल --- ashokdard23@gmail.com