समाचार

पर्यावरण बचाने के लिए एक सार्थक पहल : वृक्ष वन्दना

“वृक्ष वन्दना” नाम है आगरा के कुछ स्वयंस्फूर्त समाजसेवकों के उस समूह का जो शहर में वृक्षारोपण द्वारा पर्यावरण बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्पीड कलर लैब के स्वामी श्री संजय गोयल के संयोजकत्व में दो सौ से अधिक तन-मन से नौजवान व्यक्ति इसमें जुड़े हुए हैं।

इस समूह ने संकल्प लिया है आगरा शहर के उन पार्कों में और सड़कों के किनारे पर्यावरण के अनुकूल उपयोगी वृक्षों को लगाने और उनकी निरन्तर देखभाल करने का। इस यज्ञ के प्रथम चरण में अल्प समय में ही सौ से अधिक वृक्षों का रोपण किया जा चुका है और कार्य निरन्तर जारी है। इसमें मुख्यत: बरगद, नीम, पाखर, जामुन, पीपल, अमलतास, मौलश्री, और कल्पवृक्ष के पौधों का रोपण किया जाता है।

जैसा कि स्वाभाविक है किसी वृक्ष को लगाने के बाद सबसे बड़ी चिन्ता आवारा पशुओं से उसकी सुरक्षा की होती है। इसलिए प्रत्येक वृक्ष को लोहे के एक मज़बूत ट्रीगार्ड से घेरा जाता है। इसी में सबसे अधिक व्यय होता है। पौधा, ट्रीगार्ड, गड्ढे की खुदाई और आवश्यकतानुसार पानी आदि लगाने पर प्रति वृक्ष लगभग 1100 रु का खर्च आता है।

कोई भी व्यक्ति ग्यारह सौ रुपये का सहयोग करके एक वृक्ष लगवा सकता है। अपनी श्रद्धा के अनुसार कोई अधिक वृक्ष भी लगवा सकते हैं। अभी तक ढाई सौ से अधिक वृक्षों का संकल्प प्राप्त हो चुका है।

सहयोग देने के इच्छुक सज्जन वृक्ष वंदना के संयोजक श्री संजय गोयल से उनके मोबाइल नं 9837885252 पर सम्पर्क कर सकते हैं। इनके अतिरिक्त उनके प्रमुख सहयोगियों सर्वश्री अविराग बिरला (9760030905), आलोक मित्तल (9760025075), रवि अरोड़ा (9897088111), तथा अनन्त बंसल (9412721245) से भी सम्पर्क करके अपना सहयोग दिया जा सकता है।

यहाँ प्रस्तुत हैं इस पवित्र कार्य की कुछ झलकियाँ। क्या ही अच्छा हो कि ऐसी टीमें देश के हर शहर में बनें और अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाये।

— विजय कुमार सिंघल
आषाढ़ शु 10, सं 2075 वि (22 जुलाई, 2018)