समाचार

डॉ एम. एल. गुप्ता ‘आदित्य’ को ‘राजभाषा गौरव’ पुरस्कार

भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के अंतर्गत हिंदी शिक्षण योजना, मुंबई के सहायक निदेशक डॉ एम. एल. गुप्ता ‘आदित्य’ को 14 सितंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में उपराष्ट्रपति श्री वेंकैया नायडू द्वारा ‘राजभाषा गौरव’ प्रथम स्थान हेतु पुरस्कृत किया गया। यह पुरस्कार उन्हें विदेश मंत्रालय के अनतर्गत ‘भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद’ द्वारा प्रकाशित प्रतिष्ठित पत्रिका ‘गगनांचल’ में प्रकाशित लेख ‘भाषा-प्रौद्योगिकी: सत्तर साल का सफरनामा’ के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत के माननीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी द्वारा की गई। मंच पर गृह राज्यमंत्री श्री किरण रिजिजु तथा श्री हंसराज अहीर और राजभाषा विभाग के सचिव श्री शैलेंद्र भी उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त समारोह में संसदीय राजभाषा समिति, केंद्रीय हिंदी समिति के सदस्यों के अतिरिक्त अनेक सांसद, भारत सरकार की अनेक वरिष्ठ अधिकारी व विद्वान उपस्थित थे।

मुंबई विश्वविद्यालय के बोर्ड ऑफ स्टडीज़ (हिंदी) के पूर्व सदस्य डॉ. गुप्ता इसके पूर्व केंद्रीय गृह मंत्रालय के अन्तर्गत राजभाषा विभाग के क्षेत्रीय उप निदेशक (कार्यान्वयन) के रूप में गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, दमण, दीव व दादरा नगर हवेली क्षेत्र स्थित केंद्रीय कार्यालयों, बैंकों, उपक्रमों आदि में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन की मॉनीटरिंग का कार्य करते रहे हैं।डॉ एम. एल. गुप्ता आदित्य ‘वैश्विक हिंदी सम्मेलन’ संस्था के निदेशक के रूप में भी देश – विदेश में हिंदी सहित भारतीय भाषाओं के प्रचार प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं। डॉ.एम.एल. गुप्ता आदित्य ने हाल ही में मॉरीशस में आयोजित 11वें विश्व हिंदी सम्मेलन में भाषा प्रौद्योगिकी तथा मीडिया में भारतीय भाषाओं को ले कर अपने विचार प्रखरता से प्रस्तुत किए थे।