समाचार

विश्व पुस्तक मेला 2019

नई दिल्ली 7 जनवरी ।(शम्भू पंवार) इंद्रप्रस्थ साहित्य भारती, दिल्ली ( पंजी.)सम्बद्ध अखिल भारतीय साहित्य परिषद द्वारा विश्व पुस्तक मेला 2019, प्रगति मैदान नई दिल्ली के हॉल न. 12 A के लेखक मंच सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय था मानवता का उन्नायक- प्रयागराज महाकुम्भ। प्रसिद्ध कवयित्री डॉ पूनम माटिया के सुदृढ़ संचालन में कार्यक्रम का आरम्भ रामलोचन जी की सरस्वती वंदना से हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. दुष्यंत गौतम ,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, मुख्य वक्ता डॉ. श्रीराम परिहार ,अखिल भारतीय साहित्य परिषद थे। कार्यक्रम के अध्यक्ष संस्था के संरक्षक मुन्ना लाल जैन ने बीज वक्तव्य देते हुए श्रीराम परिहार का परिचय भी दिया।
मुख्य अतिथि, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम ने कहा कि कुम्भ राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इस महापर्व में करोड़ों लोग आते हैं। किसी के साथ भेदभाव नहीं होता। जात-पात, अमीर-गरीब एवं पांथिक भेद से ऊपर उठकर समूची मानवता के हित में विचार-विमर्श करते हैं।

अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. श्रीराम परिहार ने कहा कि कुंभ मानवता का सबसे बड़ा मिलन-स्थल है। ऐसी मानवता का, जो केवल मनुष्यों का ही हित नहीं चाहती अपितु पशु-पक्षी, पेड़-पौधे सहित संपूर्ण ब्रह्मांड की चिंता करती है।
प्रवीण जैन ने भी संबोधित किया।
संगोष्ठी के पश्चात कवि-सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें कवियों ने अपनी कविताओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कवि सुनीता बग्गा , प.नमन , हेमन्त शर्मा ,श्री कृष्ण निर्मल , श्रीमती इंदु निगम , श्रीमती रीता जैन , चेतन आनंद , अंजना अंजुम, श्रीमती पूर्णिमा अग्रवाल , श्रीमती पूनम माटिया और जगदीश भारद्वाज ने अपनी रचनाएं सुनाईं। कवि-सम्मेलन का संचालन राष्ट्रीय गीतकार जयसिंह आर्य ने किया।
कार्यक्रम में वीर सैन जैन सरल , भैरों सिंह राठौर , संजीव सिन्हा , बृजेश गर्ग , अक्षय कुमार, जी.पी.शर्मा आदि भी उपस्थित रहे।
भारत के अन्य प्रदेशों से आये हुए प्रबुद्ध श्रोताओं में बयाना राजस्थान से अशोक खत्री, डॉ कुमार, मनोज शेरगढ़, और दिल्ली से चर्चित राजनैतिक विश्लेषक डॉ सौरभ मालवीय ,कवि दुर्गेश अवस्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत मे सभी आगंतुकों का धन्यवाद महामंत्री मनोज शर्मा ने किया।

शम्भू पंवार
ब्यूरो चीफ
ट्रू मीडिया,दिल्ली
चिड़ावा,झुन्झुनू
8058444460.