गीत/नवगीत

नज्में लिखना गाया करना

तल तक कविवर जाया करना ढूंढ के मोती लाया करना
नज्में लिखना गाया करना जग को सच समझाया करना
इतिहास की निर्मम भूलों पर विकृतियों के तीक्ष्ण शूलों पर
हिलती समय की चूलों पर लू झुलसाए फूलों पर
कविवर आँखें मूँद न लेना अपनी दृष्टि दौड़ाया करना
नज्में…
दंगों और फसादों पर पसर रहे अवसादों पर
सियासत के झूठे वादों पर मुंसिफ और प्यादों पर
सब कुछ लिखना देखा भोगा अपना फ़र्ज निफाया करना
नज्में…
अनसुलझे संवादों पर सत्ता के लगे स्वादों पर
वादों और विवादों पर रूढ़िवादी लबादों पर
गूढ़ विवेचन करना प्यारे अपनी कलम चलाया करना
नज्में…
भटकाते अंधेरों पर मलिन स्वार्थ के ढेरों पर
मृगतृष्णा के फेरों पर ऊबे हुए सवेरों पर
कैसे पार पाओगे प्यारे अपनी राय बताया करना
नज्में…
दुराचारों व्यभिचारों पर राह भटकाते नारों पर
जात धर्म के खारों पर सिसक रहे उजियारों पर
कोई जागे या न जागे तुम आवाज लगाया करना
नज्में…
आस्तीं के साँपों पर सत्ता के माई बापों पर
कण कण व्याप्त पापों पर जग के सकल संतापों पर
नई जमीनें तोड़ा करना शब्द – सुमन उगाया करना
नज्में…
लुटे हुए जज्बातों पर अपनों के भीतरघातों पर
अंधियारी काली रातों पर तेजाबी बरसातों पर
घबराकर तुम भाग न जाना कोई हल सुझाया करना
नज्में…
किसनेकिसने चांदी कूटा कितना पाया कितना छूटा
वेश बदलकर किसने लूटा कितना जोड़ा कितना टूटा
तेरे जिम्में है ये सब कविवर सारा गणित लगाया करना
नज्में…

अशोक दर्द

जन्म –तिथि - 23- 04 – 1966 माता- श्रीमती रोशनी पिता --- श्री भगत राम पत्नी –श्रीमती आशा [गृहिणी ] संतान -- पुत्री डा. शबनम ठाकुर ,पुत्र इंजि. शुभम ठाकुर शिक्षा – शास्त्री , प्रभाकर ,जे बी टी ,एम ए [हिंदी ] बी एड भाषा ज्ञान --- हिंदी ,अंग्रेजी ,संस्कृत व्यवसाय – राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हिंदी अध्यापक जन्म-स्थान-गावं घट्ट (टप्पर) डा. शेरपुर ,तहसील डलहौज़ी जिला चम्बा (हि.प्र ] लेखन विधाएं –कविता , कहानी , व लघुकथा प्रकाशित कृतियाँ – अंजुरी भर शब्द [कविता संग्रह ] व लगभग बीस राष्ट्रिय काव्य संग्रहों में कविता लेखन | सम्पादन --- मेरे पहाड़ में [कविता संग्रह ] विद्यालय की पत्रिका बुरांस में सम्पादन सहयोग | प्रसारण ----दूरदर्शन शिमला व आकाशवाणी शिमला व धर्मशाला से रचना प्रसारण | सम्मान----- हिमाचल प्रदेश राज्य पत्रकार महासंघ द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कविता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कृत , हिमाचल प्रदेश सिमौर कला संगम द्वारा लोक साहित्य के लिए आचार्य विशिष्ठ पुरस्कार २०१४ , सामाजिक आक्रोश द्वारा आयोजित लघुकथा प्रतियोगिता में देशभक्ति लघुकथा को द्वितीय पुरस्कार | इनके आलावा कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित | अन्य ---इरावती साहित्य एवं कला मंच बनीखेत का अध्यक्ष [मंच के द्वारा कई अन्तर्राज्यीय सम्मेलनों का आयोजन | सम्प्रति पता –अशोक ‘दर्द’ प्रवास कुटीर,गावं व डाकघर-बनीखेत तह. डलहौज़ी जि. चम्बा स्थायी पता ----गाँव घट्ट डाकघर बनीखेत जिला चंबा [हिमाचल प्रदेश ] मो .09418248262 , ई मेल --- ashokdard23@gmail.com