कहानी

कहानी- जांबाज थापा

भारतीय सेना और भारतीय पुलिस विभाग के गौरवशाली इतिहास के बारे में चर्चा करने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। भारतीय सेना का इतिहास विशिष्ट, उच्च स्तर का और गौरवशाली रहा है। भारतीय सेना की शौर्य गाथाएं किसी भी भारतीय का सीना गर्व से भर देती है। भारतीय सैनिकों के शौर्य, साहस, पराक्रम और बलिदान की गाथाएं सदियों से गाई जाती रही हैं। यह गाथाएं इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। शौर्य और साहस के अलावा भारतीय सेना सैन्य धर्म और चरित्रगत आचरण के लिए भी जानी जाती है।
नार्थ ईस्ट में अरुणाचल बहुत ही हरा भरा व प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर प्रदेश है। मैं असम रहती हूँ लेकिन हमारा चाय बगान अरुणाचल में होने के कारण आना जाना लगा रहता है। नामसई से आगे मुदई में हमारा चाय बगान है। मुदई बारी टी स्टेट। तिनसुकिया से मुदई ढाई घंटे का सफर होता है। वहां काफी मात्रा में चाय के बगान हैं। जिनके ज्यादातर मालिक तिनसुकिया और उसके आस-पास के स्थानों में रहते हैं।
पहले जब कभी कोई वहां जाता था। तो पूरी सतर्कता बरतनी पड़ती थी क्योंकि वहां भी समय समय पर आतंक वादी अपना आतंक फैलाते रहते थे। बीच-बीच में आर्मी भी वहां आकर वर्चस्व दिखाती और रक्षा करती थी। मुदई में हमारे एक मित्र हैं महेश थापा जो कि मुदई के पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर हैं। भरा पूरा परिवार है उनका। पत्नी सुलेखा थापा मुदई कॉलेज में प्रवक्ता हैं। दो बेटी और एक बेटा है। बेटा बड़ा है वह पूना के प्रतिष्ठित कॉलेज में पढ़ता है और बेटियां अभी छोटी है वे दोनों मुदई के वी.के.वी स्कूल में आठवीं और दसवीं में पढ़ती हैं। तीनों बच्चे पढ़ने में बहुत अच्छे हैं और अपने माता-पिता के समान ही संस्कारी हैं। महेश थापा बहुत ही ईमानदार और कर्तव्य निष्ठ अधिकारी हैं। पत्नी सुलेखा भी उनके कदम से कदम मिलाकर चलती हैं।
मुदई जिले के मीरगांव टी स्टेट के मालिक नरेश सहारिया से आतंकवादियों ने दस लाख रूपए की डिमांड की थी। एक चिट्ठी मैनेजर के पास पहुंचायी गयी थी। मालिक ने उस चिट्ठी पर बहुत अधिक ध्यान नहीं दिया। जिसका नतीजा यह हुआ कि वे मैनेजर को आधी रात के समय सोता हुआ उठा कर ले गए थे और मालिक नरेश सहारिया के पास सुबह के चार बजे फोन आता है कि अपने मैनेजर और परिवार की सलामती चाहते हो तो
एक सप्ताह के अंदर पैसा नदी पार के जंगल में पहुंचा दो। अंत में चकमा भाषा में गाली देते हुए कहा कि अंजाम तो तू जानता ही है। अब तो चारों तरफ़ हड़कम मच गया था।
मैनेजर की उम्र लगभग 35-40 के बीच की होगी। छोटे-छोटे दो बच्चे पत्नी और उसके माता-पिता सब एक साथ ही रहते थे।
मैनेजर प्रदीप बोहरा के घर तो मानों मातम छा गया था। माता-पिता व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। उसके पिता स्वयं उनके पास जाकर पैसा देकर बेटे को सही सलामत लाना चाहते थे। पुलिस में रिपोर्ट लिखवाई गई थी। लेकिन कुछ हासिल न हुआ। सात दिन बीतने वाले थे। एक एक दिन हवा के समान उड़ रहा था। मैनेजर प्रदीप का कहीं कोई अता-पता न था। दो माह पूर्व ही एक और चाय बगान के मालिक की डिमांड पूरी न करने पर हत्या कर दी गई थी। इसलिए सभी लोग बहुत डरे हुए थे। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें? मालिक पैसे देने के लिए तैयार था पर पुलिस इंकार कर रही थी। पुलिस के डर से कोई कुछ नहीं कर रहा था। सभी लोग पुलिस को बुरा-भला बोल रहे थे। पुलिस तो बस अपनी रोटियाँ सेंकनी जानती है। आम लोगों के जान की इन्हें कोई परवाह नहीं है। यह सब एक ही थैली के चट्टे बट्टे हैं। यह सब बातें इंस्पेक्टर थापा के कानों में भी जा रही थीं। लेकिन उन्होंने किसी से कुछ नहीं कहा। शांत बैठे रहे।ऐसे माहौल में जाबांज इंस्पेक्टर थापा ने अपनी बुद्धि और हिम्मत से काम लिया। उन्होंने एक योजना बनाई। उन्होंने नरेश सहारिया से कहा- हमें किसी भी तरह प्रदीप की रक्षा करना होगा। अधिक देर होने पर वे आतंकवादी प्रदीप को भी मार देंगे। इसलिए तुम पैसों का इंतजाम करो और तुम्हारे पास जिस नम्बर से फोन आया था। उस नम्बर पर फोन लगाकर पूछो कि पैसा कहाँ किस समय लेकर आना है। मालिक नरेश, प्रदीप को बचाना चाहता था। उसने जल्दी से पैसों का इंतजाम किया और फोन लगाकर पूछा कि पैसे कहाँ पर देना है। तो उन लोगों ने कहा- तुम बिना किसी को कुछ बताये नदी के पास वाले जंगल में अकेले शाम के पांच बजे आओगे। अगर किसी को इसकी भनक तक लगी तो तुम दोनों अपने परिवार से हाथ धो लोगे।
इंस्पेक्टर थापा के बहुत पूछने पर भी मालिक नरेश ने कुछ नहीं बताया और उनके बताये समय पर जंगल की तरफ जाने के लिए तैयार हो गया।
इधर इंस्पेक्टर थापा ने नरेश का फोन टेप कर लिया था। इसलिए ठीक उसी समय पर थापा ने दूसरे रास्ते से नदी पार के जंगल में जाने की सब तैयारी कर ली थी।
वे साधारण से असमिया किसान की वेश-भूषा में अपने हथियार को छुपा कर चल दिए। हाथ में जंगली पेड़ काटने वाला दांव था।
सिर पर गमछा बांध रखा था। हाथ-पैर और मुंह मिट्टी से सने हुए थे। पैरों फटे से जूते थे। वे देखने में (बुरबक) मूर्ख गरीब लग रहे थे। थापा इस रूप में वहां पहले से ही पहुंच कर
जंगली लकड़ियां काटने लगे। कुछ लोगों ने उन्हें देख कर भी अनदेखा कर दिया क्योंकि उन्हें लगा कि यह कोई गरीब मनुष्य है। जो अपने घर में खाना बनाने के लिए लकड़ियां काट रहा है। थापा के इस कार्य की जानकारी उसकी पत्नी सुलेखा को छोड़कर किसी को नहीं थी। एक युवा लड़के ने असमिया में पूछा- (की कोरिसे) यहां क्या कर रहा है तो थापा ने बड़े दीन भाव से असमिया में कहा- खाना बनाने के लिए लकड़ी ले रहा हूँ। थोड़ी ही देर में बगान का मालिक नरेश सहारिया भी पैसा लेकर वहां पहुंच गया था। तब तक थापा अंदर के जंगल में चला गया था और वहां से सारा दृश्य देख रहा था। उन्हें लगा कि वह आदमी लकड़ी लेकर चला गया है। मालिक नरेश को देखते ही लगभग तीस साल के एक युवा ने गाली देते हुए कहा-( ईमान देर लगायिसे) इतनी देर कर दी। तुझे नहीं मालूम हम क्या करते हैं। एक आदमी नरेश के माथे पर बंदूक तान कर खड़ा हो गया। नरेश ने कहा- पूरा पैसा है गिन लो और प्रदीप को छोड़ दो। नरेश ने पैसे का बैग उस व्यक्ति को दे दिया। बैग लेकर कुछ साथी पैसे गिनने लगे। दो आदमी रस्सी से बंधे हुए मैनेजर प्रदीप को लेकर सामने आ गए। प्रदीप ने मालिक को देखा तो उसकी जान में जान आई। नरेश ने कहा हम दोनों यहां से चुपचाप चले जायेंगे। किसी से कुछ न कहेंगे। तभी उनके बॉस ने कहा- इन दोनों का यहीं काम तमाम कर दो। यह शब्द सुनते ही थापा ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आतंकवादियों के सात में से पांच आदमी वहीं ढेर हो गए। प्रदीप और नरेश मौका देखकर पास के पेड़ों के पीछे छिप गए। थापा के भी बहुत गोलियां लगीं थीं। उसके घाव से खून रिस रहा था। सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसके बावजूद भी वे दो आदमी जो बच गए थे। थापा ने आधा किलोमीटर तक उनका पीछा किया और लगातार फायरिंग करता रहा। गोली एक आदमी के पैर में लगी और दूसरे आदमी की पीठ में। उसके बाद दोनों को पकड़ लिया गया। कुछ दिनों बाद जिसकी पीठ में गोली लगी थी वह भी मर गया था। जो पैर की गोली वाला बचा था। वह ही असली बॉस था। उससे पूछताछ करके जेल में डाल दिया गया था। नरेश और प्रदीप अपने पैसे लेकर राजी खुशी वापस आ गए थे। थापा के भी काफी जगह गोलियां लगी थी। लगभग दो माह तक वे अस्पताल में रहे थे। यह थी थापा के देश प्रेम और जिंदादिली की कहानी। उसके बाद से जो लोग पुलिस वालों को बुरा-भला कहते थे। वे सब उन्हें देखते ही गर्व से सलामी देने लगे।
आज न जाने कितने ही थापा इस देश की रक्षा में जान हथेली पर लिए खड़े हैं। जिनके कारण हम अपने आप को सुरक्षित महसूस करते हैं। इस घटना को लगभग दस- बारह साल हो गए हैं। थापा का रिटायरमेंट हो चुका है। बेटा अवधेश आर्मी में इंस्पेक्टर के पद पर पिता के समान ही जिंदादिली से देश की सेवा कर रहा है। बेटियां भी आर्मी में जाने की तैयारी में लगी हैं। लेकिन आज भी किसी आतंकवादी को वहां के जंगलों में आने की हिम्मत नहीं होती है। ऐसे जांबाज सैनिकों को मेरा कोटि कोटि नमन ।

— निशा नंदिनी भारतीय
तिनसुकिया, असम

*डॉ. निशा नंदिनी भारतीय

13 सितंबर 1962 को रामपुर उत्तर प्रदेश जन्मी,डॉ.निशा गुप्ता (साहित्यिक नाम डॉ.निशा नंदिनी भारतीय)वरिष्ठ साहित्यकार हैं। माता-पिता स्वर्गीय बैजनाथ गुप्ता व राधा देवी गुप्ता। पति श्री लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता। बेटा रोचक गुप्ता और जुड़वा बेटियां रुमिता गुप्ता, रुहिता गुप्ता हैं। आपने हिन्दी,सामाजशास्त्र,दर्शन शास्त्र तीन विषयों में स्नाकोत्तर तथा बी.एड के उपरांत संत कबीर पर शोधकार्य किया। आप 38 वर्षों से तिनसुकिया असम में समाज सेवा में कार्यरत हैं। असमिया भाषा के उत्तरोत्तर विकास के साथ-साथ आपने हिन्दी को भी प्रतिष्ठित किया। असमिया संस्कृति और असमिया भाषा से आपका गहरा लगाव है, वैसे तो आप लगभग पांच दर्जन पुस्तकों की प्रणेता हैं...लेकिन असम की संस्कृति पर लिखी दो पुस्तकें उन्हें बहुत प्रिय है। "भारत का गौरव असम" और "असम की गौरवमयी संस्कृति" 15 वर्ष की आयु से लेखन कार्य में लगी हैं। काव्य संग्रह,निबंध संग्रह,कहानी संग्रह, जीवनी संग्रह,बाल साहित्य,यात्रा वृत्तांत,उपन्यास आदि सभी विधाओं में पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। मुक्त-हृदय (बाल काव्य संग्रह) नया आकाश (लघुकथा संग्रह) दो पुस्तकों का संपादन भी किया है। लेखन के साथ-साथ नाटक मंचन, आलेखन कला, चित्रकला तथा हस्तशिल्प आदि में भी आपकी रुचि है। 30 वर्षों तक विभिन्न विद्यालयों व कॉलेज में अध्यापन कार्य किया है। वर्तमान में सलाहकार व काउंसलर है। देश-विदेश की लगभग छह दर्जन से अधिक प्रसिद्ध पत्र- पत्रिकाओं में लेख,कहानियाँ, कविताएं व निबंध आदि प्रकाशित हो चुके हैं। रामपुर उत्तर प्रदेश, डिब्रूगढ़ असम व दिल्ली आकाशवाणी से परिचर्चा कविता पाठ व वार्तालाप नाटक आदि का प्रसारण हो चुका है। दिल्ली दूरदर्शन से साहित्यिक साक्षात्कार।आप 13 देशों की साहित्यिक यात्रा कर चुकी हैं। संत गाडगे बाबा अमरावती विश्व विद्यालय के(प्रथम वर्ष) में अनिवार्य हिन्दी के लिए स्वीकृत पाठ्य पुस्तक "गुंजन" में "प्रयत्न" नामक कविता संकलित की गई है। "शिशु गीत" पुस्तक का तिनसुकिया, असम के विभिन्न विद्यालयों में पठन-पाठन हो रहा है। बाल उपन्यास-"जादूगरनी हलकारा" का असमिया में अनुवाद हो चुका है। "स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्व विद्यालय नांदेड़" में (बी.कॉम, बी.ए,बी.एस.सी (द्वितीय वर्ष) स्वीकृत पुस्तक "गद्य तरंग" में "वीरांगना कनकलता बरुआ" का जीवनी कृत लेख संकलित किया गया है। अपने 2020 में सबसे अधिक 860 सामाजिक कविताएं लिखने का इंडिया बुक रिकॉर्ड बनाया। जिसके लिए प्रकृति फाउंडेशन द्वारा सम्मानित किया गया। 2021 में पॉलीथिन से गमले बनाकर पौधे लगाने का इंडिया बुक रिकॉर्ड बनाया। 2022 सबसे लम्बी कविता "देखो सूरज खड़ा हुआ" इंडिया बुक रिकॉर्ड बनाया। वर्तमान में आप "इंद्रप्रस्थ लिटरेचर फेस्टिवल न्यास" की मार्ग दर्शक, "शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास" की कार्यकर्ता, विवेकानंद केंद्र कन्या कुमारी की कार्यकर्ता, अहिंसा यात्रा की सूत्रधार, हार्ट केयर सोसायटी की सदस्य, नमो मंत्र फाउंडेशन की असम प्रदेश की कनवेनर, रामायण रिसर्च काउंसिल की राष्ट्रीय संयोजक हैं। आपको "मानव संसाधन मंत्रालय" की ओर से "माननीय शिक्षा मंत्री स्मृति इरानी जी" द्वारा शिक्षण के क्षेत्र में प्रोत्साहन प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जा चुका है। विक्रमशिला विश्व विद्यालय द्वारा "विद्या वाचस्पति" की उपाधि से सम्मानित किया गया। वैश्विक साहित्यिक व सांस्कृतिक महोत्सव इंडोनेशिया व मलेशिया में छत्तीसगढ़ द्वारा- साहित्य वैभव सम्मान, थाईलैंड के क्राबी महोत्सव में साहित्य वैभव सम्मान, हिन्दी साहित्य सम्मेलन असम द्वारा रजत जयंती के अवसर पर साहित्यकार सम्मान,भारत सरकार आकाशवाणी सर्वभाषा कवि सम्मेलन में मध्य प्रदेश द्वारा साहित्यकार सम्मान प्राप्त हुआ तथा वल्ड बुक रिकार्ड में दर्ज किया गया। बाल्यकाल से ही आपकी साहित्य में विशेष रुचि रही है...उसी के परिणाम स्वरूप आज देश विदेश के सभी प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में उन्हें पढ़ा जा सकता है...इसके साथ ही देश विदेश के लगभग पांच दर्जन सम्मानों से सम्मानित हैं। आपके जीवन का उद्देश्य सकारात्मक सोच द्वारा सच्चे हृदय से अपने देश की सेवा करना और कफन के रूप में तिरंगा प्राप्त करना है। वर्तमान पता/ स्थाई पता-------- निशा नंदिनी भारतीय आर.के.विला बाँसबाड़ी, हिजीगुड़ी, गली- ज्ञानपीठ स्कूल तिनसुकिया, असम 786192 nishaguptavkv@gmail.com