गीत/नवगीत

सुगत सवैया- परिवर्तन

परिवर्तन है नियम प्रकृति का, परिवर्तित चहुँ दिश होती है।
मन, समाज, स्थिति, ऋतुओं में, सृष्टि नवल कुछ तो बोती है।

कुछ नवीन हर पल होता है, यह विकास परिवर्तन का है।
तुम देखो अनुवेषन कर कुछ, उत्तर तब मिलता मन का है।
कुछ प्रश्नों में उलझ हृदय की, अजब दशा क्योंकर होती है।
मन, समाज, स्थिति, ऋतुओं में, सृष्टि नवल कुछ तो बोती है।

परिवर्तन सामाजिक हों कुछ, सत मारग भी दिखलाते हैं।
ढल जाते हैं व्यवहारों में, और सभ्यता सिखलाते हैं।
उत्कंठा उत्तम बनने की, जागृत मन मे तब होती है।
मन, समाज, स्थिति, ऋतुओं में, सृष्टि नवल कुछ तो बोती है।

माना है बदलाव जरूरी, पर नैतिकता बहुत जरूरी।
पैदा मन में करो आत्मबल, आध्यात्मिकता बहुत जरूरी।
सखा भाव जब मन उपजे तो, दूर दूरियां भी होती हैं।
मन, समाज, स्थिति, ऋतुओं में, सृष्टि नवल कुछ तो बोती है।

रीना गोयल (हरियाणा)

रीना गोयल

माता पिता -- श्रीओम प्रकाश बंसल ,श्रीमति सरोज बंसल पति -- श्री प्रदीप गोयल .... सफल व्यवसायी जन्म स्थान - सहारनपुर .....यू.पी. शिक्षा- बी .ऐ. आई .टी .आई. कटिंग &टेलरिंग निवास स्थान यमुनानगर (हरियाणा) रुचि-- विविध पुस्तकें पढने में रुचि,संगीत सुनना,गुनगुनाना, गज़ल पढना एंव लिखना पति व परिवार से सन्तुष्ट सरल ह्रदय ...आत्म निर्भर