गीत/नवगीत

गीत  

सरहद पर रावण खिसियाया,
तुम व्यस्त   यहाँ अगवानी में।
थैली – माला   लिए  खड़े हो ,
मक्खन  सँग    रजधानी  में।।

एक   ओर  प्लास्टिकबन्दी है,
उधर   सुलगता   है    बारूद।
इधर  जलाते  तुम पुतलों को,
बाँध   पट्टियाँ   आँखें   मूँद।।
पता  नहीं  है   तुमको शायद,
दुश्मन    कितने   पानी   में।
सरहद पर रावण…..

लाख    करोड़ों  पौधे    रोपे,
पर   मुँह  फेर  नहीं    देखा।
पर्यावरण  के   गीत   गा रहे,
अम्बर    में    काली  रेखा।।
औरों   को   उपदेश  दे  रहे,
समझाओ   यह   मानी   मैं।
सरहद पर रावण….

नेताओं    की   पूँछ थामकर,
डूब   स्वयं    भी     जाओगे।
करनी  जिनकी  झूठी  सारी,
कथनी  में  क्या     पाओगे??
आ मत  जाना  इनके  झाँसे,
बात   मधुर    बचकानी   में।
सरहद  पर रावण …..

सत्य  बात  कह  दो तो अंधे –
भक्तों  को  लगती   है  चोट।
जाति  धर्म में   बाँट देश को,
रिश्वत   में   बँटते   हैं  नोट।।
राजनीति   वोटों   की  गंदी,
लगती  आग    जवानी   में।
सरहद  पर रावण….

अनपढ़  कृषक  ठगे  जाते हैं,
जीरा  खिला    ऊँट  के  पेट।
हुआ ‘शुभम ‘उद्धार  देश का ,
खुले  तरक़्क़ी  के  सब गेट।।
अंतर आया  नहीं तनिक भी,
उनके    छप्पर –  छानी    में।
सरहद पर रावण ….

*डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम'

पिता: श्री मोहर सिंह माँ: श्रीमती द्रोपदी देवी जन्मतिथि: 14 जुलाई 1952 कर्तित्व: श्रीलोकचरित मानस (व्यंग्य काव्य), बोलते आंसू (खंड काव्य), स्वाभायिनी (गजल संग्रह), नागार्जुन के उपन्यासों में आंचलिक तत्व (शोध संग्रह), ताजमहल (खंड काव्य), गजल (मनोवैज्ञानिक उपन्यास), सारी तो सारी गई (हास्य व्यंग्य काव्य), रसराज (गजल संग्रह), फिर बहे आंसू (खंड काव्य), तपस्वी बुद्ध (महाकाव्य) सम्मान/पुरुस्कार व अलंकरण: 'कादम्बिनी' में आयोजित समस्या-पूर्ति प्रतियोगिता में प्रथम पुरुस्कार (1999), सहस्राब्दी विश्व हिंदी सम्मलेन, नयी दिल्ली में 'राष्ट्रीय हिंदी सेवी सहस्राब्दी साम्मन' से अलंकृत (14 - 23 सितंबर 2000) , जैमिनी अकादमी पानीपत (हरियाणा) द्वारा पद्मश्री 'डॉ लक्ष्मीनारायण दुबे स्मृति साम्मन' से विभूषित (04 सितम्बर 2001) , यूनाइटेड राइटर्स एसोसिएशन, चेन्नई द्वारा ' यू. डब्ल्यू ए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' से सम्मानित (2003) जीवनी- प्रकाशन: कवि, लेखक तथा शिक्षाविद के रूप में देश-विदेश की डायरेक्ट्रीज में जीवनी प्रकाशित : - 1.2.Asia Pacific –Who’s Who (3,4), 3.4. Asian /American Who’s Who(Vol.2,3), 5.Biography Today (Vol.2), 6. Eminent Personalities of India, 7. Contemporary Who’s Who: 2002/2003. Published by The American Biographical Research Institute 5126, Bur Oak Circle, Raleigh North Carolina, U.S.A., 8. Reference India (Vol.1) , 9. Indo Asian Who’s Who(Vol.2), 10. Reference Asia (Vol.1), 11. Biography International (Vol.6). फैलोशिप: 1. Fellow of United Writers Association of India, Chennai ( FUWAI) 2. Fellow of International Biographical Research Foundation, Nagpur (FIBR) सम्प्रति: प्राचार्य (से. नि.), राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिरसागंज (फ़िरोज़ाबाद). कवि, कथाकार, लेखक व विचारक मोबाइल: 9568481040