समाचार

‘नई सुबह फिर आएगी’, गीत का वीडियो रिलीज

देश के श्रेष्ठ चौदह राष्ट्रीय कवियों और कवयित्रियों ने दिखाई उम्मीद की किरण
मुंबई. जब-जब देश पर विषम परिस्थितियां छाई हैं,तब-तब देश का साहित्यकार और कवि घने तिमिर में दीप जलाने का काम किया है। आज कोरोना काल में पूरा विश्व संकट की घड़ी  से गुजर रहा है। लॉक डाउन में ऊहापोह की स्थिति है। ऐसे में देश के श्रेष्ठ चौदह राष्ट्रीय कवियों और कवयित्रियों ने देशवासियों को एक नई उम्मीद और रोशनी दिखाने का वीणा उठाया है। कवि कभी हिम्मत नहीं हारता, वह रास्ता दिखाता है।
मध्यप्रदेश नरसिंहपुर के गीत सम्राट विवेक सक्सेना ने अपने गीत के माध्यम से अंधेरे में एक ज्योति जलाई है।
मुश्किलों की ये घड़ी है,
आज सम्मुख आ खड़ी है,
मिलके सब देंगे परीक्षा
तब सफलता छाएगी।
नई सुबह फिर आएगी,
नई सुबह फिर आएगी।
       आशाओं के सपने संजोए, नए खुशहाल भारत की परिकल्पना करने वाले इस पांच मिनट के वीडियो गीत में साहित्य शिरोमणि इंदौर के सत्यनारायण ‘सत्तन’ गुरू, तमाम राष्ट्रीय कवियों के गुरु नरसिंहपुर के महाकवि गुरू सक्सेना, बारां राजस्थान के ठहाका सम्राट सुरेंद्र यादवेन्द्र, गीतों की रानी दिल्ली की ममता शर्मा, हास्य कवि एवं प्रसिद्ध मंच संचालक मुंबई के सुरेश मिश्र, देवास के वीररस के कविश्रेष्ठ शशिकांत यादव, अमरावती के वरिष्ठ हास्यकवि किरण जोशी, तमाम टीवी सीरियलों की अभिनेत्री एवं कवयित्री काव्या मिश्रा, इटारसी के हास्य कवि राजेंद्र मालवीय’आलसी’, इंदौर की शायरा डाक्टर अनीता सोनी, भोपाल की शायरा श्रीमती साबिहा असर, ताज नगरी आगरा की  सुश्री सलोनी राणा, कवि डाक्टर रंजन और बेहतरीन गीतकार विवेक सक्सेना इस वीडियो गीत में गीत गाते और संदेश देते हुए दिखाई दे रहे हैं। प्रिंस राज के अद्भुद संयोजन एवं निर्देशन में तैयार यह वीडियो रिलीज होते ही देश-विदेश में खूब लाइक किया जा रहा है। ‘नई सुबह फिर आएगी’, गीत का मुखड़ा, इतना कर्ण प्रिय है कि लोग इसे अपने मोबाइल का कालर ट्यून बना रहे हैं। यह वीडियो गीत फेसबुक, यूट्यूब,वाटसप पर खूब वायरल हो रहा है। इसे स्वर दिया है प्रसिद्ध गायक प्रिंसराज मुड़िया और कामिनी दूबे ने। मिक्सिंग और एडिटिंग विक्रांत मिश्रा तथा आकाश खंगार ने किया है।