समाचार

इंडिया न्यूज़ 18 चैनल में श्री डी एम मिश्रा की गजल

हमें यह कहते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि 3/7/20 को सायं जनपद सुलतानपुर के एवं जय विजय पत्रिका के प्रतिष्ठित कवि श्री डी एम मिश्रा की गजल “सत्ता की कामयाबियो मे देखिए उसे , जो जय विजय पत्रिका में पहले प्रकाशित हो चुकी है , का उल्लेख राष्ट्रीय स्तर के लोकप्रिय और विश्वसनीय न्यूज चैनल “न्यूज 18” के न्यूज एंकर श्री किशोर अजवानी जी ने किया।

कानपुर की चौबेपुर मे हुई नितांत निदंनीय घटना की रिपोर्टिग न्यूज 18 के सम्मानित एंकर श्री किशोर अजवानी जी 3/7/20 को रात करीब 8:45 पर कर रहे थे। घटना का विवरण देने के पश्चात श्री अजवानी जी ने राजनीति और अपराध के गठजोड़ पर विस्तार से चर्चा की।चर्चा के दौरान आपने बताया कि सत्ता और

अपराध के गठजोड़ की शुरूआत 1970 के दशक से पूर्वी यू पी से प्रारम्भ होती है। ये गठजोड़ बाद मे विहार तक फैल जाता है। कानपुर की घटना भी इसी गठजोड़ का परिणाम है।इसी के आगे श्री अजवानी जी ने कहा कि इसी संदर्भ मे सुलतानपुर के लोकप्रिय कवि श्री डी एम मिश्रा जी की कुछ पंक्तियों का उल्लेख करना चाहता हूँ। वह ग़ज़ल पेश है –

सत्ता की कामयाबियों में देखिये उसे
जनता की परेशानियों में देखिये उसे

जनता को सिर्फ़ आँकडे़ दिखा रहा है वो
यूँ झूठ की उपलब्धियों में देखिये उसे

धनवान देश के मेरे कंगाल दोस्तो
दौलत है मगर कोठियों मे देखिये उसे

कहने को तो वो माननीय हो गया मगर
इस मुल्क की बरबादियों में देखिये उसे

अपराधियों में कल तलक उसका शुमार था
अब कर्णधार मंत्रियों में देखिये उसे

लेागों के वास्ते वो था इक देवता समान
जब राज़़ खुला सुर्खि़यों में देखिये उसे

— डा डी एम मिश्र