समाचार

अरविन्द कुमार साहू को मिला उप्र हिन्दी संस्थान का बाल साहित्य पत्रकारिता सम्मान

बाल साहित्य संवर्धन हेतु उत्तर प्रदेश  हिन्दी संस्थान, लखनऊ द्वारा सुपरिचित बालसाहित्यकार अरविन्द कुमार साहू को दीर्घकालीन रचनात्मक क्रियाकलापों हेतु पं, लल्ली प्रसाद पांडेय बाल साहित्य पत्रकारिता सम्मान 2019 प्रदान किया गया। इस हेतु संस्थान के हिन्दीभवन स्थित यशपाल सभागार में आयोजित भव्य अभिनंदन पर्व में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष माननीय हृदय नारायण दीक्षित जी के करकमलों द्वारा श्री साहू को सम्मानित करते हुए इक्यावन हजार रुपये का पुरुस्कार (चेक), अंग वस्त्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इस अवसर पर संस्थान के कार्यकारी निदेशक श्रीकांत मिश्र जी, अध्यक्ष श्री सदानंद प्रसाद गुप्त जी, संपादिका डॉ अमिता दुबे सहित प्रदेश के अनेक हिस्सों से आये बालसाहित्यकार, पत्रकार, विद्यार्थीगण व नागरिक उपस्थित रहे।
15 अक्टूबर 1969 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में जन्में अरविन्द कुमार साहू पिछ्ले 35 वर्षों से बाल साहित्य सृजन में रत हैं। अब तक देश- विदेश की प्रमुख पत्र- पत्रिकाओं में उनकी विभिन्न विधाओं में पाँच सौ से अधिक रचनायें व उपन्यास, कविता- कहानी आदि की 16 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्होने बालमासिक अपूर्व उड़ान, मधुर सरस, जय विजय, जागरण जंक्शन आदि पत्र- पत्रिकाओं व अनेक पुस्तकों का सम्पादन भी किया।
इसके साथ ही वह अनेक कवि सम्मेलनों, बालसाहित्य की रचनात्मक कार्यशालाओँ, गोष्ठियों व प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में भी प्रतिभाग करते रहे हैं।
उनका मानना है बालसाहित्य लेखन बड़ी ही संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ रचा जाने वाला चुनौती पूर्ण कार्य है। बालसाहित्य देश के बच्चों अर्थात भावी पीढ़ी को स्वस्थ, सहज मनोरंजन देने के साथ ही उन्हें साहसी, तर्कशील, संस्कारी व देशभक्त नागरिक बनने के लिये भी प्रेरित करता है।