यात्रा वृत्तान्त

मेरी जापान यात्रा – 2

केवल यह जानकार कि आप बाहर से उनके देश में आये हैं वह तीन बार झुक कर अपनी भाषा में स्वागत कहते थे।  स्त्री पुरुष ,बच्चे ,छोकरे छोकरियां आदि सब।  और बोली और उसकी टोन ? वह अनजान अबूझ बोली — इतनी मीठी कि जैसे बुलबुलें चहक रही हों।  यूं तो भारतीय भाषाएं भी बहुत मीठी हैं और संगीतमय मानी जाती हैं परन्तु आवाज़ के उठान- गिरान का कोई अंदाज़ भारतवासियों को नहीं है।  कहीं भी हों बेलिहाज चिल्लाकर दूर से बातें करना उनका स्वभाव है।  विशेषकर उत्तर भारत में।  इंग्लैंड में भी जोर जोर से अपनी आत्मकथा वह सरे राह सुनते कहते हैं।

             ट्यूब  ट्रैन से बाहर निकले।  पथ पूछें घबराएं —-  कौन देश किस ओर जाऊँ मैं ? — थोड़ा नक्शा पढ़ा।  बाहर जाने के एक नहीं तीन दरवाज़े।  एक अधेड़ स्त्री से पूछा।  हम अंग्रेजी में पूछें ,वह अपनी मृदु भाषा में जवाब दे।  फिर समझ गयी कि हमारे पल्ले कुछ नहीं पड़  रहा।  पर उसने हार नहीं मानी।  इशारतन हुकुम देती हुई सी बोली कि चलो मेरे पीछे। मैं भी उधर ही जा रही हूँ।  मानवता की भाषा कोई भी समझ लेगा।  उसने हमारे तीन अदद सामान में से एक खुद उठा लिया।  मना करने पर नहीं मानी।  हाथ से समझाती कुछ बताती जाती थी।  देखा आगे चढ़ाई है।  जाहिर है दो अदद सामान मेरे पति को उठाना भारी पड़ता।  आस- पास की रहनेवाली होगी शायद।  लम्बी ढलान को पार करते न करते उसको अनेकों ने प्रणाम कहा और हमारी सहायता करने के लिए उसकी सराहना की।  फल -सब्जी का बाज़ार था पर कहीं एक छिलका तक नहीं गिरा हुआ था और बिकनेवाले सामान की व्यवस्था और सज्जा इतनी सुन्दर कि उसके सामने इंग्लैंड गँवारू लगा।  जितना ही व्यवस्थित बाज़ार था उतने ही सीधे लोग।  परिधान में कहीं दिखावा नहीं ,एकदम सुथरे।
             हमें हमारे गली के मुहाने तक पहुंचकर वह अपने घर की ओर मुड़ना चाहती थी फिर भी उसने हमारा तीसरा सुइटकेस उठाकर होटल तक लेजाने की पेशकश की।  हमने मना कर दिया आगे उतराई थी और रास्ता एकदम सीधा।  इशारों से उसने हमें समझा दिया।  हम पहुँच ही गए।  हमारा होटल कहने को तीन सितारा था मगर आधुनिकतम सुविधाएं उपलब्ध थीं और सफाई तो पूछिए मत।  जापानी ढंग के कमरों में पलंग नहीं होते और धान की चटाई बिछी होती है।  यह देश भूकम्पों से परेशान  रहता है अतः लकड़ी का सामान भारी परदे आदि सब अनावश्यक माँने जाते हैं। कम से कम सामान और हलके से हल्का इस्तेमाल किया जाता है।  परदे आदि नहीं थे।   खिड़कियों के फ्रेम में धान का कागज़ लगा था जिससे आरपार नहीं देखा जा सकता था।  लैंपशेड्स भी उसी के बने थे।  फर्श भी धान के बने होते हैं अतः उनपर जूते पहनकर  नहीं चला जा सकता  .इससे वह छिल सकते हैं। बहुत सुन्दर कपडे की स्लिपर्स रखी हुई थीं  फर्श पर ही चटाई के ऊपर एक जोड़ी गद्दे पड़े हुए थे और उनपर बेहद खूबसूरत सफ़ेद चादरों से मढ़ी हुई रजाई।  एक चौंकी पर चाय बनाने का सामान रखा हुआ था।  बाथरूम एकदम आधुनिक ढंग का था। बिस्तर के सिरहाने एक मेज़ पर आदर से महात्मा बुद्ध की जीवनी जापानी और अंग्रेजी भाषा में रखी हुई थी।
               क्यों भारतवर्ष में ऐसी सोंच हमारे होटलों में नहीं है ? होटल  में रहने आनेवाले अपने को अंग्रेज क्यों समझने लगते हैं ? महात्मा बुद्ध ही क्यों ? हमारे देश में तो खजाना है सुन्दर उक्तियों और विचारों का।  हमने क्यों नहीं उनको आदर सम्मान से दैनिक जीवन में उतारा ? सच में मैं तो एकदम पिघल गयी।
              छाती गर्व के उल्लास से भर गयी।  सर फूलकर कुप्पा हो गया।  इसके बाद जापान में जापान को कम और भारत को अधिक महसूस किया।  
क्रमशः

*कादम्बरी मेहरा

नाम :-- कादम्बरी मेहरा जन्मस्थान :-- दिल्ली शिक्षा :-- एम् . ए . अंग्रेजी साहित्य १९६५ , पी जी सी ई लन्दन , स्नातक गणित लन्दन भाषाज्ञान :-- हिंदी , अंग्रेजी एवं पंजाबी बोली कार्यक्षेत्र ;-- अध्यापन मुख्य धारा , सेकेंडरी एवं प्रारम्भिक , ३० वर्ष , लन्दन कृतियाँ :-- कुछ जग की ( कहानी संग्रह ) २००२ स्टार प्रकाशन .हिंद पॉकेट बुक्स , दरियागंज , नई दिल्ली पथ के फूल ( कहानी संग्रह ) २००९ सामायिक प्रकाशन , जठ्वाडा , दरियागंज , नई दिल्ली ( सम्प्रति म ० सायाजी विश्वविद्यालय द्वारा हिंदी एम् . ए . के पाठ्यक्रम में निर्धारित ) रंगों के उस पार ( कहानी संग्रह ) २०१० मनसा प्रकाशन , गोमती नगर , लखनऊ सम्मान :-- एक्सेल्नेट , कानपूर द्वारा सम्मानित २००५ भारतेंदु हरिश्चंद्र सम्मान हिंदी संस्थान लखनऊ २००९ पद्मानंद साहित्य सम्मान ,२०१० , कथा यूं के , लन्दन अखिल भारत वैचारिक क्रान्ति मंच सम्मान २०११ लखनऊ संपर्क :-- ३५ द. एवेन्यू , चीम , सरे , यूं . के . एस एम् २ ७ क्यू ए मैं बचपन से ही लेखन में अच्छी थी। एक कहानी '' आज ''नामक अखबार बनारस से छपी थी। परन्तु उसे कोई सराहना घरवालों से नहीं मिली। पढ़ाई पर जोर देने के लिए कहा गया। अध्यापिकाओं के कहने पर स्कूल की वार्षिक पत्रिकाओं से आगे नहीं बढ़ पाई। आगे का जीवन शुद्ध भारतीय गृहणी का चरित्र निभाते बीता। लंदन आने पर अध्यापन की नौकरी की। अवकाश ग्रहण करने के बाद कलम से दोस्ती कर ली। जीवन की सभी बटोर समेट ,खट्टे मीठे अनुभव ,अध्ययन ,रुचियाँ आदि कलम के कन्धों पर डालकर मैंने अपनी दिशा पकड़ ली। संसार में रहते हुए भी मैं एक यायावर से अधिक कुछ नहीं। लेखन मेरा समय बिताने का आधार है। कोई भी प्रबुद्ध श्रोता मिल जाए तो मुझे लेखन के माध्यम से अपनी बात सुनाना अच्छा लगता है। मेरी चार किताबें छपने का इन्तजार कर रही हैं। ई मेल kadamehra@gmail.com