गीतिका/ग़ज़ल

कवि

बारूद के ढेर पर बैठी दुनिया समझा कवि
नफरतें सब धुल जाएँ प्रेमगीत सुना कवि ||
जंग की तैयारी में बन रहे हथियार नये नये |
जग से हथियार छुड़ा ,सौहार्द पकड़ा कवि ||
क्यूँ अधीर हुए बैठी है युद्ध के लिए दुनिया |
दास्तां बर्बादियों की इसको सुना कवि ||
 मानवता दिलो दिमाग में इनके भर इस तरह |
 झगड़े मन्दिर मस्जिद के सारे मिटा कवि ||
 यह दुनिया खूबसूरत थी और  यह खूबसूरत है |
 कांटे नफरतों के चुन फूल प्रेम के उगा कवि ||
सच स्वार्थ का दुनिया को बताना फर्ज तेरा |
फसलें मुहब्बतों की इन्हें उगाना सिखा कवि ||
उजाला ही उजाला हो जाये सरहदों के दरमियां |
 दीये  ऐसे लफ्जों के अब तू जला कवि ||
लू आतंक की झुलसाने लगी है धरती को |
बनकर घनश्याम तू आतंक पे छा कवि ||
 हाथ की लकीरों से मुक्कद्दर नहीं बनता |
 मन्त्र मेहनत का इनको तू बता कवि ||
कोई हक छीने नहीं मजलूम का बाँटने वाला |
कोई करे ऐसा तो जमाने को उकसा कवि ||
पहले बना तू दुनिया को जन्नत जैसी |
बेशक फिर रोज तू उत्सव मना कवि ||

अशोक दर्द

जन्म –तिथि - 23- 04 – 1966 माता- श्रीमती रोशनी पिता --- श्री भगत राम पत्नी –श्रीमती आशा [गृहिणी ] संतान -- पुत्री डा. शबनम ठाकुर ,पुत्र इंजि. शुभम ठाकुर शिक्षा – शास्त्री , प्रभाकर ,जे बी टी ,एम ए [हिंदी ] बी एड भाषा ज्ञान --- हिंदी ,अंग्रेजी ,संस्कृत व्यवसाय – राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हिंदी अध्यापक जन्म-स्थान-गावं घट्ट (टप्पर) डा. शेरपुर ,तहसील डलहौज़ी जिला चम्बा (हि.प्र ] लेखन विधाएं –कविता , कहानी , व लघुकथा प्रकाशित कृतियाँ – अंजुरी भर शब्द [कविता संग्रह ] व लगभग बीस राष्ट्रिय काव्य संग्रहों में कविता लेखन | सम्पादन --- मेरे पहाड़ में [कविता संग्रह ] विद्यालय की पत्रिका बुरांस में सम्पादन सहयोग | प्रसारण ----दूरदर्शन शिमला व आकाशवाणी शिमला व धर्मशाला से रचना प्रसारण | सम्मान----- हिमाचल प्रदेश राज्य पत्रकार महासंघ द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कविता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कृत , हिमाचल प्रदेश सिमौर कला संगम द्वारा लोक साहित्य के लिए आचार्य विशिष्ठ पुरस्कार २०१४ , सामाजिक आक्रोश द्वारा आयोजित लघुकथा प्रतियोगिता में देशभक्ति लघुकथा को द्वितीय पुरस्कार | इनके आलावा कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित | अन्य ---इरावती साहित्य एवं कला मंच बनीखेत का अध्यक्ष [मंच के द्वारा कई अन्तर्राज्यीय सम्मेलनों का आयोजन | सम्प्रति पता –अशोक ‘दर्द’ प्रवास कुटीर,गावं व डाकघर-बनीखेत तह. डलहौज़ी जि. चम्बा स्थायी पता ----गाँव घट्ट डाकघर बनीखेत जिला चंबा [हिमाचल प्रदेश ] मो .09418248262 , ई मेल --- ashokdard23@gmail.com