बाल कविता

बचपन की हर बात निराली

बचपन की हर बात निराली।
शुभता की सौगात सँभाली।।

बचपन से ईश्वर की तुलना।
पानी में मिश्री का घुलना।
पारदर्शिता भोली – भाली।।
बचपन की हर बात निराली।।

निकट सत्य के बचपन होता।
हँसना – रोना सब सुख बोता।।
होती छलनी एक न जाली।।
बचपन की हर बात निराली।।

देखें प्यार भरी आँखों से।
ज्यों चिड़िया सेती पाँखों से।।
नाचें – कूदें दे- दे ताली।
बचपन की हर बात निराली।।

बालक से गलती हो जाएँ।
क्षमादान सौ – सौ हम पाएँ।।
बुरा न मानें दें यदि गाली।
बचपन की हर बात निराली।

बड़ा हुआ चालाकी आई।
झूठ छलों की फैली काई।।
जलता है ज्यों जले पराली।
बचपन की हर बात निराली।।

बचपन खेले – कूदे खाए।
सद इच्छा आनंद मनाए।।
यौवन खड़ा तान दोनाली।
बचपन की हर बात निराली।।

कौन भूलता बचपन प्यारा।
भेद भ्रमों से मिले किनारा।।
रचना अद्भुत ईश बना ली।
बचपन की हर बात निराली।।

बचपन कब तक रुकता भाई।
सात – आठ तक गई लुनाई।।
वय किशोर यौवन में ढाली।
बचपन की हर बात निराली।।

छाई झूठ – कपट की माया।
आजीवन घन घोर मचाया।।
विदा हुआ बचपन का माली।
बचपन की हर बात निराली।।

बंद हुए सुख के दरवाजे।
प्रौढ़ आयु में बाजे गाजे।।
छलना की चल उठी पनाली।
बचपन की हर बात निराली।।

‘शुभम्’ सत्य – पर्याय बालपन।
यौवन गरम मसाला सालन।।
खाता काम – वासना थाली।
बचपन की हर बात निराली।।

— डॉ. भगवत स्वरूप ‘शुभम्’

*डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम'

पिता: श्री मोहर सिंह माँ: श्रीमती द्रोपदी देवी जन्मतिथि: 14 जुलाई 1952 कर्तित्व: श्रीलोकचरित मानस (व्यंग्य काव्य), बोलते आंसू (खंड काव्य), स्वाभायिनी (गजल संग्रह), नागार्जुन के उपन्यासों में आंचलिक तत्व (शोध संग्रह), ताजमहल (खंड काव्य), गजल (मनोवैज्ञानिक उपन्यास), सारी तो सारी गई (हास्य व्यंग्य काव्य), रसराज (गजल संग्रह), फिर बहे आंसू (खंड काव्य), तपस्वी बुद्ध (महाकाव्य) सम्मान/पुरुस्कार व अलंकरण: 'कादम्बिनी' में आयोजित समस्या-पूर्ति प्रतियोगिता में प्रथम पुरुस्कार (1999), सहस्राब्दी विश्व हिंदी सम्मलेन, नयी दिल्ली में 'राष्ट्रीय हिंदी सेवी सहस्राब्दी साम्मन' से अलंकृत (14 - 23 सितंबर 2000) , जैमिनी अकादमी पानीपत (हरियाणा) द्वारा पद्मश्री 'डॉ लक्ष्मीनारायण दुबे स्मृति साम्मन' से विभूषित (04 सितम्बर 2001) , यूनाइटेड राइटर्स एसोसिएशन, चेन्नई द्वारा ' यू. डब्ल्यू ए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' से सम्मानित (2003) जीवनी- प्रकाशन: कवि, लेखक तथा शिक्षाविद के रूप में देश-विदेश की डायरेक्ट्रीज में जीवनी प्रकाशित : - 1.2.Asia Pacific –Who’s Who (3,4), 3.4. Asian /American Who’s Who(Vol.2,3), 5.Biography Today (Vol.2), 6. Eminent Personalities of India, 7. Contemporary Who’s Who: 2002/2003. Published by The American Biographical Research Institute 5126, Bur Oak Circle, Raleigh North Carolina, U.S.A., 8. Reference India (Vol.1) , 9. Indo Asian Who’s Who(Vol.2), 10. Reference Asia (Vol.1), 11. Biography International (Vol.6). फैलोशिप: 1. Fellow of United Writers Association of India, Chennai ( FUWAI) 2. Fellow of International Biographical Research Foundation, Nagpur (FIBR) सम्प्रति: प्राचार्य (से. नि.), राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिरसागंज (फ़िरोज़ाबाद). कवि, कथाकार, लेखक व विचारक मोबाइल: 9568481040