सावन गीत
साजन संग सावन में आओ नैन लड़ाएं हम
हरियाली वादी में आओ नाचें झूमें गाएँ हम
पिया ने झूला अमवा पे डाला पहनाईं मोहे चूड़ियाँ
राजकुंवर से लागें बालम फिर फिर लेऊँ बलइयाँ
खनक फुहारों की तन में हिचकोले खाएं मन
हरियाली वादी में आओ नाचें झूमें गाएँ हम
मौसम सावन का सुहावना मन में टीस उठाये
पवन चले इठला के तन मन बहका बहका जाए
प्रीत जगी ऐसी हमको प्रिय लागें मनभावन
हरियाली वादी में आओ नाचें झूमें गाएँ हम
कजरी गाती सखियाँ झूमें घिर घिर बदरा छाए
तीज मनाएं सजते जाएं यूँ मनवा लहराए
क्यों इतराये जी भरमाये बैरी ये सावन
हरियाली वादी में आओ नाचें झूमें गाएँ हम
— प्रियंका अग्निहोत्री ‘गीत’
