बाल कविता

बाल-कविता

खाना खाओ डाँट न खाओ.
बच्चों अपनी प्लेट उठाओ.

एक घूँट पानी का ले लो.
टमाटरों से यूँ मत खेलो.
खीरा के कुछ टुकड़े खाओ.
हरी मिर्च से मुँह न बनाओ.
बच्चों अपनी प्लेट उठाओ.

मूली गाजर लाल चुकंदर.
नींबू के चटकारे लेकर.
सभी तरह की सब्जी लेना.
कभी करेला छोड़ न देना.
प्यारी माँ को नहीं सताओ.
बच्चों अपनी प्लेट उठाओ.

तिलहन दलहन बहुत जरूरी.
मिनरल सहित विटामिन पूरी
ज्वार बाजरा गेंहूँ कोदो.
धान चना खेतों में बो दो.
अरहर मूंग मसूर उगाओ.
बच्चों अपनी प्लेट उठाओ.

भोजन मंत्र साथ में करना.
थाली बेमतलब मत भरना.
साफ-सफाई भूल न जाना.
गिरे न एक अन्न का दाना.
भोजन कर प्रभु के गुण गाओ.
बच्चों अपनी प्लेट उठाओ..

— दिनेश चन्द्र गुप्ता ‘रविकर’

दिनेश चन्द्र गुप्ता 'रविकर'

स्थाई पता : लल्लूराम मार्केट मवई चौराहा पोस्ट : मांजनपुर जिला : अयोध्या धाम उत्तर प्रदेश 225408 माता-पिता : स्व विद्योत्मा , स्व लल्लूराम गुप्ता जन्म: 15-08-1960 शिक्षा : आई आई टी (आई एस एम) धनबाद से एडवांस डिप्लोमा इन माइनिंग इंस्ट्रूमेंटेशन एंड टेलीकम्युनिकेशन आई आई टी (आई एस एम) धनबाद, झारखण्ड (1985-2020) टेक्निकल सुपरिंटेंडेंट के रूप में कार्यरत रहा । (2021-2024) आई आई आई टी रांची, झारखण्ड में टेक्निकल सुपरिटेंडेंट के रूप कार्यरत रहा. प्रकाशित पुस्तकें : (1) प्रभु राम की सगी बहन, "भगवती शांता" प्रबंध काव्य : जिज्ञासा प्रकाशन गाजियाबाद (2) भगवान बिरसा मुंडा, "धरती-आबा" प्रबंध काव्य : जिज्ञासा प्रकाशन गाजियाबाद (3) हिन्दु हृदय सम्राट, "महाराजा सुहेलदेव" प्रबंध काव्य : श्वेतवर्णा प्रकाशन नई दिल्ली साझा संस्करण : लगभग ढाई दर्जन साझा सम्पादन: काव्य-मयूरी साझा काव्य-संग्रह : शब्दांकुर प्रकाशन दिल्ली सदस्यता : (1) जोहार कलमकार मंच झारखण्ड (रजिस्टर्ड) का आजीवन सदस्य (2) दानवीर भामाशाह ट्रस्ट धनबाद का आजीवन ट्रस्टी उल्लेखनीय योगदान: कर्नाटक राज्य अक्कमहादेवी महिला विश्वविद्यालय, विजयपुर के बी. एस् सी. तृतीय सेमेस्टर (अनिवार्य) पाठ्यक्रम में मेरी कविता "आरोग्य सूत्र" पाठ के रूप में स्वीकृत।