लघुकथा

आँखों का दायरा

शाम ढल रही थी। बस्ती से दूर बने एक मकान की दीवार के पास चौदह-पंद्रह वर्ष के दो लड़के छिपे खड़े थे।

बड़े लड़के ने छोटे से कहा, “सुन, अंदर क्या बातें हो रही हैं?”

छोटे ने खिड़की से कान लगाया। कुछ क्षण बाद फुसफुसाया, “भैया, उसका पति कह रहा है कि रात की पारी है, दस मिनट में चला जाएगा। वह कह रही है कि बच्चे को दूध पिलाकर सुला देगी।”

दोनों की आँखों में लाल डोरे उभर आए। वे दूसरी दीवार की ओर बढ़े, जहाँ आज ही उन्होंने झाँकने के लिए एक छेद बनाया था।

कुछ देर बाद स्कूटर की आवाज आई। उसके दूर होते ही बड़े ने छोटे को हटाया और अपनी आँख छेद से लगा दी।

सामने ही महिला अपने बच्चे को दूध पिला रही थी। वह उसे नीचे से ऊपर तक देखने लगा। फिर उसकी नजर महिला के चेहरे पर ठहर गई।

छोटा बेचैन था। उसने बड़े की पीठ पर हाथ रखा।

बड़े की तल्लीनता टूटी। वह मुड़ा।

“भैया, क्या देखा?”

बड़े ने कुछ क्षण शून्य में देखा। फिर धीमे स्वर में बोला,

“कुछ नहीं रे… माँ की याद आ गई। चल, चलते हैं।”

और यह सुनते ही लाल पड़ी दीवार का रंग सफ़ेद में बदलने लगा।

डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी शिक्षा: विद्या वाचस्पति (Ph.D.) सम्प्रति: सह आचार्य (कम्प्यूटर विज्ञान) साहित्यिक लेखन विधा: कविता, लघुकथा, बाल कथा, कहानी 18 पुस्तकें प्रकाशित, 10 संपादित पुस्तकें 53+ शोध पत्र प्रकाशित 70+ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त फ़ोन: 9928544749 ईमेल: writerchandresh@gmail.com डाक का पता: 3 प 46, प्रभात नगर, सेक्टर-5, हिरण मगरी, उदयपुर (राजस्थान) – 313 002 यू आर एल: https://sites.google.com/view/chandresh-c/about ब्लॉग: http://laghukathaduniya.blogspot.in/

Leave a Reply