वो मनभावन भोर…
रोज की तरह आज भी सुबह की मद्धम रोशनी में, मैं अपनी सोसाइटी ‘टेल्को घोराबंधा आलोक विहार’ से फूल चुनने निकली थी। फूलों की खोज में कदम कब सोसाइटी की सीमाओं को लांघकर पास के आदिवासी गांव की पगडंडियों पर चले गए, पता ही नहीं चला।
सुबह की उस बेला में वहां का दृश्य अत्यंत सम्मोहक था। मिट्टी के सोंधे घर और सुबह-सुबह अपने आंगनों को गाय के गोबर से लिपती-सवारती महिलाएं और पुरुष। झुरमुटों की ओट से धीरे-धीरे उगते प्रभु दिनमान (सूर्य देव), मैदानों में चरते गाय-बछड़े और दूर किसी मंदिर से गूंजती पूजा की घंटियां. सब कुछ इतना जीवंत था कि लगा जैसे समय वहीं ठहर गया है। आधुनिकता की दौड़ में हम सब शायद प्रकृति और सरलता का ऐसा मनोहारी दृश्य देखना भूल ही चुके हैं।
फूल चुनते-चुनते मैं एक ऐसे मोड़ पर पहुंची जहां एक आदिवासी परिवार का बहुत बड़ा घर था। उसके अहाते के भीतर हरसिंगार (पारिजात) का एक विशाल वृक्ष शान से खड़ा था। हम सब जानते हैं कि हरसिंगार के फूल भोर होते ही अपनी शाखों से टूटकर धरती की गोद में समा जाते हैं।
उस घर की चहारदीवारी के बाहर, जमीन पर और पास की छोटी सी पहाड़ी की ढलानों पर हरसिंगार के सफेद-नारंगी फूल इस कदर बिखरे थे, मानो प्रकृति ने खुद श्वेत चादर बिछा दी हो। वहां फूल इतने स्वच्छ और पावन थे कि मैं श्रद्धा से उन्हें समेटने लगी।
तभी पास के ही एक घर से एक महिला बाहर आई। उसकी आंखों में गजब का भोलापन था और चेहरे पर एक आत्मिक चमक। उसने बेहद आत्मीयता और मधुर बंगाली लहजे में मुझसे कहा—
“मासी, फुल चाई तोमा के? ऐखाने आसो ना, आमार बाड़ी तें ओनेक फूल आछे गो, निये जाओ गो माँ।” (मासी, आपको फूल चाहिए? यहां आओ न, मेरे घर में बहुत सारे फूल हैं, ले जाओ मां।)
उसकी इस निश्छल सरलता, सहजता और उस सुंदर मुस्कान ने मेरे हृदय को छू लिया। जब मैं उसके घर के आंगन में गई, तो वहां का नजारा देखकर मेरा शीश सम्मान और भक्ति से स्वतः ही झुक गया। मेरा प्रिय हरसिंगार वहां चारों तरफ बिखरा पड़ा था, मानो वे फूल मेरी ओढ़नी और आंचल में समाने के लिए व्याकुल थे।
जब मैं फूल लेकर वापस अपने घर की ओर लौट रही थी, तो उस आदिवासी महिला की वह निश्छल मुस्कान मेरे अपने चेहरे पर भी तैर रही थी। हरसिंगार के प्रति मेरी यह अटूट श्रद्धा, यह सम्मोहन और यह प्रेम… यह तो बस मेरे बंशीधर ही जानते हैं।
हृदय की गहराइयों से एक ही आवाज निकली—कुछ तो दैवीय संबंध है! इस आधुनिक युग की मीरा को अपने कान्हा का यह अद्भुत उपहार था। मोहन, नागर, किशन… आपको कोटि-कोटि नमन, अपनी इस मीरा को भोर का यह अनमोल वरदान देने के लिए। अब ये सारे पुष्प आपके ही पावन चरणों में अर्पित हैं।
— सविता सिंह ‘मीरा
