सामाजिक

माता-पिता की ममता और उनका बेमिसाल मक़ाम

“पैदाइश से लेकर मौत तक आप हज़ारों रिश्ते बना सकते हैं, लेकिन एक फ़िक्र करने वाला बाप और मोहब्बत करने वाली माँ दोबारा कभी नहीं मिलेंगे.”

यह एक ऐसी शाश्वत सच्चाई है जिसे लफ़्ज़ों में बाँधना मुमकिन नहीं बस महसूस किया जा सकता है। इस दुनिया में इंसान जन्म लेते ही रिश्तों के एक अंतहीन समंदर में उतर जाता है। स्कूल के दोस्त कॉलेज के यार जीवनसाथी और फ़िर कारोबार व समाज के अनगिनत ताने-बाने,हम ताउम्र हज़ारों रिश्ते बनाते हैं उन्हें सँवारते हैं और आगे बढ़ जाते हैं। लेकिन इन तमाम रिश्तों की भीड़ में दो ऐसे नूरानी चेहरे होते हैं जिनका कोई बदल कोई विकल्प इस कायनात में मौजूदा ही नहीं है।

ज़रा सोचिए जब इस दुनिया में हमारा कोई वजूद नहीं था तब नौ महीने तक अपनी कोख़ में हमें पालने वाली हर धड़कन को अपनी धड़कन बनाने वाली माँ होती है। वह ममता की वह मूरत है जो ख़ुद भूखी रहकर हमें खिलाती है हमारी एक हल्की सी तकलीफ़ पर जिसकी रातों की नींद उड़ जाती है। जब हम दुनिया के थपेड़ों से थककर चूर हो जाते हैं तो माँ का वह आँचल ही होता है जहाँ सिर रखते ही सारी थकान और दर्द पल भर में ओझल हो जाते हैं।

और दूसरी तरफ़ वह शख़्स होता है जिसे लोग अक्सर सख्त मिज़ाज या ख़ामोश समझते हैं,वह है ‘बाप’। वह अपनी हसरतों अपनी ख़्वाहिशों और अपनी ज़रूरतों का गला घोंटकर बच्चों की मुस्कान के लिए धूप में तपता है काँटों पर चलता है। उसकी सख़्त डाँट के पीछे भी बच्चों के मुस्तक़बिल की फ़िक्र छिपी होती है। वह परिवार की वह मज़बूत ढाल है जिसके साये में पूरा घर बेख़ौफ़ जीता है।

आज की नई पीढ़ी इस अंधी दौड़ में इतनी आगे निकल गई है कि उसे वर्चुअल दुनिया के लाइक्स और फॉलोअर्स तो अज़ीज़ लगते हैं मगर घर के एक कोने में बैठे बूढ़े माँ-बाप की आँखें इंतज़ार में थक जाती हैं। आज की भागदौड़ में हम अक्सर यह भूल जाते हैं कि जब कोई दोस्त साथ छोड़ दे तो दूसरा मिल जाता है जब कोई हमसफ़र बिछड़ जाए तो ज़िंदगी नया मोड़ ले लेती है,लेकिन माँ और बाप के जाने के बाद दुनिया का कोई भी कोना कोई भी शख्स उनकी कमी को पूरा नहीं कर  सकता वे ज़िंदगी में सिर्फ़ एक ही बार मिलते हैं।

क्या कभी हमने सोचा है कि हम अपने दोस्तों और दुनिया भर के कामों के लिए घंटों निकाल लेते हैं लेकिन उन दो हस्तियों के पास बैठने के लिए हमारे पास चंद लम्हे भी नहीं होते जिन्होंने अपना पूरा जीवन हमारे नाम कर दिया? जिस दिन वे आँखें हमेशा के लिए बंद कर लेते हैं उस दिन घर की दीवारों से लेकर हवाओं तक में सन्नाटा पसर जाता है। तब एहसास होता है कि हमने क्या खो दिया।

वक्त रहते इन अनमोल रिश्तों की क़द्र कीजिए। उनके चेहरे की झुर्रियों में अपनी कामियाबी की दास्तान पढ़िए और उनके बुढ़ापे की लाठी बनिए। माँ-बाप का दिल जीतना ही ख़ुदा की रज़ा पाने का सबसे बड़ा ज़रिया है क्योंकि इनके बिना ज़िंदगी महज़ एक सूना रेगिस्तान बनकर रह जाती है।

— डॉ. मुश्ताक़ अहमद शाह सहज़ 

डॉ. मुश्ताक़ अहमद शाह

पिता का नाम: अशफ़ाक़ अहमद शाह जन्मतिथि: 24 जून जन्मस्थान: ग्राम बलड़ी, तहसील हरसूद, जिला खंडवा, मध्य प्रदेश कर्मभूमि: हरदा, मध्य प्रदेश स्थायी पता: मगरधा, जिला हरदा, पिन 461335 संपर्क: मोबाइल: 9993901625 ईमेल: dr.m.a.shaholo2@gmail.com शैक्षिक योग्यता एवं व्यवसाय शिक्षा,B.N.Y.S.बैचलर ऑफ़ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंस. बी.कॉम, एम.कॉम बी.एड. फार्मासिस्ट आयुर्वेद रत्न, सी.सी.एच. व्यवसाय: फार्मासिस्ट, भाषाई दक्षता एवं रुचियाँ भाषाएँ, हिंदी, उर्दू, अंग्रेज़ी रुचियाँ, गीत, ग़ज़ल एवं सामयिक लेखन अध्ययन एवं ज्ञानार्जन साहित्यिक परिवेश में रहना वालिद (पिता) से प्रेरित होकर ग़ज़ल लेखन पूर्व पद एवं सामाजिक योगदान, पूर्व प्राचार्य, ज्ञानदीप हाई स्कूल, मगरधा पूर्व प्रधान पाठक, उर्दू माध्यमिक शाला, बलड़ी ग्रामीण विकास विस्तार अधिकारी, बलड़ी कम्युनिटी हेल्थ वर्कर, मगरधा साहित्यिक यात्रा लेखन का अनुभव: 30 वर्षों से निरंतर लेखन प्रकाशित रचनाएँ: 2000+ कविताएँ, ग़ज़लें, सामयिक लेख प्रकाशन, निरन्तर, द ग्राम टू डे, दी वूमंस एक्सप्रेस, एजुकेशनल समाचार पत्र (पटना), संस्कार धनी (जबलपुर),जबलपुर दर्पण, सुबह प्रकाश , दैनिक दोपहर,संस्कार न्यूज,नई रोशनी समाचार पत्र,परिवहन विशेष,समाचार पत्र, घटती घटना समाचार पत्र,कोल फील्ड मिरर (पश्चिम बंगाल), अनोख तीर (हरदा), दक्सिन समाचार पत्र, नगसर संवाद, नगर कथा साप्ताहिक (इटारसी) दैनिक भास्कर, नवदुनिया, चौथा संसार, दैनिक जागरण, मंथन (बुरहानपुर), कोरकू देशम (टिमरनी) में स्थायी कॉलम अन्य कई पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर रचनाएँ प्रकाशित प्रकाशित पुस्तकें एवं साझा संग्रह साझा संग्रह (प्रमुख), मधुमालती, कोविड, काव्य ज्योति, जहाँ न पहुँचे रवि, दोहा ज्योति, गुलसितां, 21वीं सदी के 11 कवि, काव्य दर्पण, जहाँ न पहुँचे कवि (रवीना प्रकाशन) उर्विल, स्वर्णाभ, अमल तास, गुलमोहर, मेरी क़लम से, मेरी अनुभूति, मेरी अभिव्यक्ति, बेटियां, कोहिनूर, कविता बोलती है, हिंदी हैं हम, क़लम का कमाल, शब्द मेरे, तिरंगा ऊंचा रहे हमारा (मधुशाला प्रकाशन) अल्फ़ाज़ शब्दों का पिटारा, तहरीरें कुछ सुलझी कुछ न अनसुलझी (जील इन फिक्स पब्लिकेशन) व्यक्तिगत ग़ज़ल संग्रह: तुम भुलाये क्यों नहीं जाते तेरी नाराज़गी और मेरी ग़ज़लें तेरा इंतज़ार आज भी है (नवीनतम) पाँच नए ग़ज़ल संग्रह प्रकाशनाधीन सम्मान एवं पुरस्कार साहित्यिक योगदान के लिए अनेक सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त पाठकों का स्नेह, साहित्यिक मंचों से मान्यता मुश्ताक़ अहमद शाह जी का साहित्यिक और सामाजिक योगदान न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि पूरे हिंदी-उर्दू साहित्य जगत के लिए गर्व का विषय है। आपकी लेखनी ने समाज को संवेदनशीलता, प्रेम और मानवीय मूल्यों से जोड़ा है। आपके द्वारा रचित ग़ज़लें और कविताएँ आज भी पाठकों के मन को छूती हैं और साहित्य को नई दिशा देती हैं।

Leave a Reply