अरविन्द कुमार साहू को मिला उप्र हिन्दी संस्थान का बाल साहित्य पत्रकारिता सम्मान

15 अक्टूबर 1969 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में जन्में अरविन्द कुमार साहू पिछ्ले 35 वर्षों से बाल साहित्य सृजन में रत हैं। अब तक देश- विदेश की प्रमुख पत्र- पत्रिकाओं में उनकी विभिन्न विधाओं में पाँच सौ से अधिक रचनायें व उपन्यास, कविता- कहानी आदि की 16 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्होने बालमासिक अपूर्व उड़ान, मधुर सरस, जय विजय, जागरण जंक्शन आदि पत्र- पत्रिकाओं व अनेक पुस्तकों का सम्पादन भी किया।
इसके साथ ही वह अनेक कवि सम्मेलनों, बालसाहित्य की रचनात्मक कार्यशालाओँ, गोष्ठियों व प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में भी प्रतिभाग करते रहे हैं।
उनका मानना है बालसाहित्य लेखन बड़ी ही संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ रचा जाने वाला चुनौती पूर्ण कार्य है। बालसाहित्य देश के बच्चों अर्थात भावी पीढ़ी को स्वस्थ, सहज मनोरंजन देने के साथ ही उन्हें साहसी, तर्कशील, संस्कारी व देशभक्त नागरिक बनने के लिये भी प्रेरित करता है।