हास्य व्यंग्य

हास्यव्यंग्य : दूसरा चेतक

आज से तकरीबन ५०० वर्षो पहले ,एक घोड़े की मौत पर जितना दुख भारत के लोगो ने जताया था , उससे ज्यादा दुख आज एक घोड़े की टांग टूटने पर जताया जा रहा है। वो घटना ऐतिहासिक होते हुए भी हमें या हमारे बच्चो को एक मामूली घटना के समान पढ़ाई गयी या बताई गयी। लेकिन ये एक मामूली घटना को ऐतिहासिक घटना की तरह हमें और हमारे बच्चो ,यहां तक की पूरे विश्व को बतायी जा रही है।
वो घोडा घायल होने के बावजूद भी एक नाले को पार कर गया था ,और ये घोडा नाली पार न करने के कारण घायल हुआ , अब बताओ कितना महान कार्य किया है इस घोड़े ने। उस घोड़े की कथा सिर्फ लोगो ने सुनी ही है ,और इस घोड़े की घटना को अलग अलग कोणों से वीडियो बना कर दुनिया भर को दिखाया जा रहा है , अब बताओ कौन सा घोडा महान ?

वो घोडा तो वीरो की जननी तपोभूमि राजस्थान में वीरगति को प्राप्त हुआ था, और ये घोडा देवभूमि पर वीरता दिखाते हुए टांग तुड़वा बैठा है।
उस घोड़े के बाद वैसी दैवीय शक्ति वाला घोडा धरती पर शायद कोई अन्य नहीं हुआ, और जैसा कोहराम अब मच रहा है ,तो लगता है कि इस घोड़े की टांग टूटने के बाद घोड़ो की प्रजाति इस धरती से लुप्त होने को है।
उस घोड़े के बलिदान के वक़्त पीली माटी वाली हल्दीघाटी की भूमि ही लाल हुई थी, और इस घोड़े की तो एक टांग ने करोडो लोगो को ही लाल पीला कर दिया है, अब इससे ज्यादा दैवीय शक्ति की क्या आसा करे।
इन्ही सब बातो से ये साबित होता है कि ये भी कोई साधारण घोडा नहीं है, इसके गौरवर्ण को देखे, ये विदेशी सा प्रतीत होता है, इसकी चार टाँगे, मानो महागठबंधन के चार स्तम्भ, उसमे से भी एक ही टूटा था, इसकी भी एक ही टूटी।
उस घोड़े के बलिदान के बाद ही भारत पर विदेशियो का पूर्ण साम्राज्य स्थापित हो गया था, इसी कारण इस महान घोड़े की टूटी टांग को भी एक अभूतपूर्व बलिदान दर्शाया जा रहा है, क्या पता, फिर से इतिहास दोहराया जा सके।

अब ऐसे महान अश्व पर हंगामा तो बनता है।

एक अश्व की मौत पे देखो ,नाटक भी भरपूर हुए
इतना रोये नैन सभी के सूख के ज्यो लातूर हुए

— मनोज”मोजू”

मनोज डागा

निवासी इंदिरापुरम ,गाजियाबाद ,उ प्र, मूल निवासी , बीकानेर, राजस्थान , दिल्ली मे व्यवसाय करता हु ,व संयुक्त परिवार मे रहते हुए , दिल्ली भाजपा के संवाद प्रकोष्ठ ,का सदस्य हूँ। लिखना एक शौक के तौर पर शुरू किया है , व हिन्दुत्व व भारतीयता की अलख जगाने हेतु प्रयासरत हूँ.