लघुकथा

पाकर भी खो दिया

‘यत्र: नार्यौ पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:’ इस सूक्ति को समझने वाले आज भी बहुत कम हैं | आज तक भी हम नारी को वो सम्मान नहीं दे पाए जिसकी वो हकदार है | भले ही आज कानून कन्या भ्रूण हत्या को अपराध मानता है लेकिन कन्या भ्रूण हत्या के कई मामले सामने आते हैं | बेटी को पैदा होने से पहले ही मार दिया जाता है | पैदा हो भी जाती है तो हमारा कठोर समाज उन्हें सुख से जीने भी नहीं देता | पुरुष तो पुरुष, औरतें स्वयं बेटी के पैदा होने पर खुश नहीं होती |
रमेश के घर की भी कुछ ऐसी ही कहानी है | सुधा कमरे मे बैठी आँखों मे आंसू लिए अपने भाग्य को कोस रही है | उसके मन मे आत्महत्या करने का ख्याल आता है | अचानक उसकी छोटी बेटी राधा उसे पुकारती हुई कमरे मे प्रवेश करती है | राधा बोली- माँ, बाहर चूड़ियोंवाला आया है | दीदी ने कहा माँ से कह दो |
सुधा अपनी बेटी को देख आंसू पोंछ देती है | वो मन ही मन सोचती है ,’मैं न रहूँ तो मेरी बेटियों का क्या होगा’ | वो आत्महत्या करने का ख्याल भुलाकर बाहर चली जाती है | सुधा अपनी दोनों बेटियों राधा और चन्दा को चूड़ियाँ खरीदकर देती है | दोनों बहने चूडिया पहनकर अठखेलियाँ करती हैं |
सुधा का विवाह दस बरस पहले रामपुर के रमेश से हुआ था | आज उसकी दो बेटियाँ, सात बरस की राधा और नौ बरस की चन्दा हैं | रमेश एक नौकरी पेशा व्यक्ति है | रमेश के पिता स्वाभाव से भोले- भाले हैं | माँ यूँ तो अच्छी है पर पुराने ख्यालातों की महिला हैं | रमेश की माँ अपनी बहू से बहुत प्यार करती थी | लेकिन जबसे राधा पैदा हुई है, वो सुधा को देखना भी पसंद नहीं करती | वो चन्दा और राधा से भी दूर ही रहती है | सुधा की दोनों बेटियां बाहरी दुनिया से अनजान अपना बचपन व्यतीत कर रही हैं | चन्दा तो माँ के सभी कामो मे हाथ बंटाती है | वह तो छोटी होकर भी सयानी है | राधा का भी ख्याल रखती है | राधा भी माँ के साथ कम दीदी के साथ ज्यादा रहती है | दोनों पढने मे भी होशियार है | दोनों बहने नहीं जानती की दादी उनसे नफरत करती है |
आज रमेश को दफ्तर से लौटने मे थोड़ी देर हो गई | सुधा मोबाइल से फोन तो लगाती है पर फोन मिला नहीं | सुधा घरवालों को खाना खिलाकर, चन्दा और राधा को सुला देती है | रात को 12 बजे के करीब रमेश नशे की हालत मे घर लौटता है | सुधा ने देर से आने का कारण पूछा तो रमेश ने उसे पीटना शुरू कर दिया | सुधा हैरान है की आज रमेश को क्या हो गया | झगडे का शोर सुनकर चन्दा जाग जाती है | उसने अपनी माँ को पिता से पिटते देखा | वह डरकर चुपचाप बिस्तर मे पड़ी रही | जैसे- तैसे रमेश बिना खाए-पिए ही सो गया | सुधा सारी रात नहीं सो पाई | वह अपने भाग्य को कोसती रही | रमेश अपनी पत्नी से प्यार तो करता है परन्तु बेटा पैदा न होने की वजह से रमेश की माँ ने तीसरे बच्चे की जिद लगा रखी है | इसी कारण घर मे तनाव का माहौल रहता है |
पढ़ी-लिखी महिला होने के कारण सुधा नहीं चाहती की उनका तीसरा बच्चा हो | उसके लिए तो दो बेटियां ही काफी हैं | उसने रमेश को भी समझा बुझाकर मना लिया था | लेकिन माँ ने ना जाने रमेश को कौन सा पाठ पढ़ा लिया वो फिरसे तीसरे बच्चे की जिद करने लगा है | रमेश कहता है – ‘ हमें घर का वारिस चाहिए | चन्दा और राधा तो पराया धन हैं | वो कब तक हमारे पास रहेंगी | ‘ इस तरह घर मे खिचखिच होती रहती है | साथ ही सुधा के मन मे ये भय भी रहता है की तीसरा बच्चा भी बेटा न हुआ तो…. |
सुधा यह सोच सोच कर कमज़ोर होती जा रही है | सासु माँ भी उसे रोज़ ताने सुनाती है | कुछ दिनों बाद कुल्लू से उसकी मौसी आती है | सुधा अपना दुखड़ा मौसी को सुनाती है | सब सुनकर मौसी बोली- ‘ हमारे गाँव मे एक तांत्रिक है | वह नज़र उतारता है और बेटा पैदा होने की झाड फूंक भी करता है | उसके पास कई औरतें जाती हैं |’ नियति ने सुधा के साथ कैसा खेल खेला है | वो पढ़ी लिखी भी है और अंधविश्वास भी नहीं करती | लेकिन आज उसका मन तांत्रिक के पास जाने को कह रहा है | कुछ दिनों बाद वह मौसी से मिलने के बहाने तांत्रिक के पास जाती है | तांत्रिक झाड-फूंक कर उसे बेटा पैदा होने का आश्वासन देता है |
संयोगवश सुधा अगले ही महीने गर्भवती हो जाती है | अब तो सासु माँ बहू की सेवा शुरू कर देती है | जिस बहू की वह सूरत तक देखना नहीं चाहती , अब दिन- रात उसकी सेवा करती है | लेकिन चन्दा और राधा तो आज भी उसकी आँखों को चुभते हैं | यह सब देख सुधा को अच्छा नहीं लगता है | अब घर का माहौल भी शांतिपूर्ण है | ऐसी बदली हुई स्तिथि सुधा को और भी परेशान करती है | उसे तो यही ख्याल सता रहा है की तीसरी भी बेटी हुई तो क्या होगा | वह भगवान् का सुमिरन कर , सबकुछ उस पर छोड़ देती है | लेकिन वह कमज़ोर होती जा रही है | एक ओर घर्भावस्था और दूसरी ओर तीसरे बच्चे की चिंता |
लगभग नौ महीने बीत गए बच्चे के पैदा होने का समय आ गया | घर मे खुशियों का माहौल है | सुधा को अस्पताल ले जाया जाता है | वहीँ पर वह एक नन्हे बेटे को जन्म देती है | पूरा परिवार खुशियाँ मन रहा है | सासु माँ को पोता मिल गया | चन्दा और राधा को भाई मिल गया | रमेश तो यही सोचकर भगवान् का धन्यवाद कर रहा है की अब घर मे शान्ति रहेगी | लेकिन सुधा के चेहरे पर कोई भाव नहीं है | अभी सुधा को अस्पताल से छुट्टी भी नहीं मिली है |
बच्चे के पैदा होने के ठीक दो घंटे बाद सुधा अपनी सांसें छोड़ देती है | बेटे ने केवल एक ही बार स्तनपान किया था | अब उसके नसीब मे माँ का प्यार नहीं रहा | रमेश और चन्दा का रो रोकर बुरा हाल है | राधा गुमसुम सी सबको देख रही है | उसे लग रहा है जैसे माँ सोई है | सासु माँ भी अपने भाग्य को कोस रही है | जिद्द के कारण उसने एक सुशील बहु खो दी | बहु ने तो उसे पोता दे दिया लेकिन पोते के सर से माँ का साया ही उठ गया | आज उसे अहसास हो रहा है की उसने पाकर भी खो दिया |

अर्जुन सिंह नेगी

नाम : अर्जुन सिंह नेगी पिता का नाम – श्री प्रताप सिंह नेगी जन्म तिथि : 25 मार्च 1987 शिक्षा : बी.ए., डिप्लोमा (सिविल इंजीनियरिंग), ग्रामीण विकास मे स्नातकोत्तर डिप्लोमा। पेशा : एसजेवीएन लिमिटेड (भारत सरकार एवं हिमाचल प्रदेश सरकार का संयुक्त उपक्रम) में सहायक प्रबन्धक के पद पर कार्यरत l लेखन की शुरुआत : सितम्बर, 2007 से (हिमप्रस्थ में प्रथम कविता प्रकाशित) l प्रकाशन का विवरण (समाचार पत्र व पत्रिकाएँ): दिव्य हिमाचल (समाचार पत्र), फोकस हिमाचल साप्ताहिक (मंडी,हि.प्र.), हिमाचल दस्तक (समाचार पत्र ), गिरिराज साप्ताहिक(शिमला), हिमप्रस्थ(शिमला), प्रगतिशील साहित्य (दिल्ली), एक नज़र (दिल्ली), एसजेवीएन(शिमला) की गृह राजभाषा पत्रिका “हिम शक्ति” जय विजय (दिल्ली), ककसाड, सुसंभाव्य, सृजन सरिता व स्थानीय पत्र- पत्रिकाओ मे समय- समय पर प्रकाशन, 5 साँझा काव्य संग्रह प्रकशित, वर्ष 2019 में अंतिका प्रकाशन दिल्ली से कविता संग्रह "मुझे उड़ना है" प्रकाशितl विधाएँ : कविता , लघुकथा , आलेख आदि प्रसारण : कवि सम्मेलनों में भागीदारी l स्थायी पता : गाँव व पत्रालय –नारायण निवास, कटगाँव तहसील – निचार, जिला – किन्नौर (हिमाचल प्रदेश) पिन – 172118 वर्तमान पता : निगमित सतर्कता विभाग , एसजेवीएन लिमिटेड, शक्ति सदन, शनान, शिमला , जिला – शिमला (हिमाचल प्रदेश) -171006 मोबाइल – 09418033874 ई - मेल :negiarjun1987@gmail.com