बाल कविता

हम बच्चे हिन्दुस्तान के

हम     बच्चे   हिन्दुस्तान   के।

हम     बच्चे   हिन्दुस्तान   के।

 

शीश   झुकाना  नहीं  जानते,

शीश   कटाना    ही   जाना।

मेरा  मजहब  मुझको  प्यारा,

पर  का  मजहब  कब  माना।

 

गोविन्द  सिंह के  वीर  सिंह,

हम  पले  सदा  तलवारों  में।

अपने   बच्चे   चिनवा   डाले,

जीते      जी     दीवारों    में।

 

रग-रग    में   है  स्वाभिमान,

हम   चलते  सीना  तान   के।

हम    बच्चे    हिन्दुस्तान के।

 

सागर   हमसे   थर-थर कांपे,

पर्वत   शीश    झुकाता    है।

तूफानों   की  राह  मोड़ कर,

वीर    सदा    मुस्काता    है।

 

राणा – सांगा के  हम वंशज,

और   शिवा  के  हम   भाई।

परवशता   की   बेड़ी  काटी,

और   घास  की  रोटी  खाई।

 

स्वाभिमान की जलती ज्वाला,

हम   जौहर    राजस्थान   के।

हम     बच्चे   हिन्दुस्तान  के।

 

गौतम   गाँधी  के  हम साधक,

विश्व    शांति    के  अनुयायी।

मानवता    के  लिए    जियेंगे ,

राजघाट   पर    कसमें   खाईं।

 

इंगलिश  भारत  माँ  के  गहने,

हिंदी   है    माता   की   बिंदी।

गुजराती  परिधान  पहन  कर,

गाना    गाते    हम      सिंधी।

 

शांति – दूत,  हम  क्रांति – दूत,

हम   तारे   नील  वितान   के।

हम     बच्चे     हिन्दुस्तान  के।

… आनन्द विश्वास

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com