बाल कविताबाल साहित्य

*बेटी-युग*

सतयुग, त्रेता, द्वापर बीता, बीता कलयुग कब का,

बेटी-युग  के  नए  दौर  में,  हर्षाया   हर   तबका।

बेटी-युग में खुशी-खुशी है,

पर महनत के साथ बसी है।

शुद्ध-कर्म  निष्ठा का संगम,

सबके मन में दिव्य हँसी है।

नई  सोच  है,  नई चेतना, बदला  जीवन  सबका,

बेटी-युग  के  नए  दौर  में,   हर्षाया   हर  तबका।

इस युग में  ना  परदा बुरका,

ना तलाक, ना गर्भ-परिक्षण।

बेटा   बेटी,    सब   जन्मेंगे,

सबका   होगा  पूरा   रक्षण।

बेटी की किलकारी सुनने, लालायत  मन सबका।

बेटी-युग  के  नए  दौर  में,   हर्षाया   हर  तबका।

बेटी भार  नहीं  इस  युग में,

बेटी   है  आधी   आबादी।

बेटा है कुल का दीपक, तो,

बेटी है दो  कुल की  थाती।

बेटी तो  है शक्ति-स्वरूपा, दिव्य-रूप है  रब  का।

बेटी-युग  के  नए  दौर  में,   हर्षाया   हर   तबका।

चौके   चूल्हे  वाली  बेटी,

बेटी-युग में कहीं  न होगी।

चाँद  सितारों से  आगे जा,

मंगल पर मंगलमय  होगी।

प्रगति-पंथ पर  दौड़ रहा है,  प्राणी हर मज़हब का।

बेटी-युग  के  नए  दौर  में,   हर्षाया   हर   तबका।

***

…आनन्द विश्वास

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com