समाचार

डॉ सुलक्षणा को गौरव पुरस्कार से नवाजा गया

रोहतक (न्यूज़)। बहलम्बा गांव की बेटी और अजायब गांव की बहू डॉ सुलक्षणा अहलावत को चरखी दादरी में आयोजित सम्मान समारोह में गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। डॉ सुलक्षणा को यह सम्मान समाज सेवा के लिए प्रदान किया गया। चरखी दादरी जिला बनाओ संगठन के संयोजक बलवान सिंह साहू के जन्मदिन पर यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सुलक्षणा अहलावत शिक्षा विभाग में अंग्रेजी प्राध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। डॉ सुलक्षणा अहलावत सामाजिक संस्था विलक्षणा एक सार्थक पहल समिति की संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं। इसी संस्था के माध्यम से वो समाजहित के कार्य करती हैं। अब तक उन्हें राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर 45 बार सम्मानित किया जा चुका है। डॉ सुलक्षणा समाज में शिक्षाविद, उच्च कोटि की कवयित्री और एक समाज सेविका के तौर ओर जानी जाती हैं।  डॉ सुलक्षणा ने बताया कि उनकी संस्था मुख्यतः शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के लिए संस्था समय समय पर रक्तदान शिविरों का आयोजन करती है। उनकी संस्था महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुफ्त में सिलाई प्रशिक्षण देती है और जनवरी 2019 से सिलाई के अलावा ब्यूटीशियन का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है ताकि महिलाएं भी घर को चलाने में सहयोग कर सकें और सिर उठाकर समाज में चल सकें। उन्होंने बताया कि अब तक संस्था भट्ठों पर मजदूरी करने वाले मजदूरों वालों के 43 बच्चों को विद्यालय में दाखिल करवा चुकी है। उन्होंने बताया है कि अजायब गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली लड़कियों को उनकी संस्था मुफ्त में सैनेटरी पैड भी उपलब्ध करवाती है ताकि देश की धरोहर हमारी बेटियां मासिक धर्म में होने वाली बीमारियों से बची रहें। डॉ सुलक्षणा को सम्मान मिलने पर गांव सरपँच समुंदर सिंह, विकाश कुमार, रामदिया, कश्मीर शर्मा, नन्दकिशोर, अमित सिंह, राहुल और राकेश अहलावत ने उन्हें बधाई दी