लघुकथा

होली है !

आलोक राम सेवानिवृत्त विधुर हैं। कोई संतान नहीं। इसके बावजूद हमेशा हंसते – मुस्कुराते जिंदादिली से ज़िंदगी जीते हैं। सुबह होली खेलने के लिए घर से सफेद कुर्ता, पायजामा पहनकर निकले। गली में देखा, कोई बच्चा नहीं दिख रहा था, जिसके साथ होली खेल सकें। चल पड़े अपने छोटे भाई के घर की ओर, उनकी पोतियों संग रंग खेलने के लिए।
रास्ते में कुछ बच्चे शोर मचाते, एक दूसरे को रंगों से सराबोर कर रहे थे। सफेद कपड़ों में आलोक राम को देखकर ठिठक गए। उन्होंने रंग खेलना बंद किया। आलोक राम ने अचंभित होकर उनसे पूछा, “ रुक क्यों गए? “ “ कुछ देर पहले रंग खेलते समय, अनजाने में एक अंकल को रंग लग गया। चीखने – चिल्लाने और गंदी – गंदी गालियाँ देने लगे। आपके तो सफेद कपड़े हैं। अगर रंग लग गया तो ? “ एक बच्चे ने बड़े भोलेपन से जवाब दिया।
“ मुझे रंग मारो। मैं नाराज़ नहीं हूंगा। “ आलोक राम ने बच्चों को उत्साहित करते कहा। लेकिन बच्चे स्तब्ध खड़े थे। उनकी हिम्मत नहीं हो रही थी उन पर रंग डालने की। आलोक राम ने एक बच्चे की पिचकारी छीनी। सभी बच्चों पर थोड़ा – थोड़ा रंग डाला। अब बच्चों को जोश आया। पूरी ताकत लगाकर आलोक राम को रंग डाला। आस पास से गुजरने वाले लोग आश्चर्य से छोटे बच्चों और `बड़े बच्चे´ की होली देखकर मुस्कुराते हुए आगे बढ़ने लगे।
– – अशोक वाधवाणी

अशोक वाधवाणी

पेशे से कारोबारी। शौकिया लेखन। लेखन की शुरूआत दैनिक ' नवभारत ‘ , मुंबई ( २००७ ) से। एक आलेख और कई लघुकथाएं प्रकाशित। दैनिक ‘ नवभारत टाइम्स ‘, मुंबई में दो व्यंग्य प्रकाशित। त्रैमासिक पत्रिका ‘ कथाबिंब ‘, मुंबई में दो लघुकथाएं प्रकाशित। दैनिक ‘ आज का आनंद ‘ , पुणे ( महाराष्ट्र ) और ‘ गर्दभराग ‘ ( उज्जैन, म. प्र. ) में कई व्यंग, तुकबंदी, पैरोड़ी प्रकाशित। दैनिक ‘ नवज्योति ‘ ( जयपुर, राजस्थान ) में दो लघुकथाएं प्रकाशित। दैनिक ‘ भास्कर ‘ के ‘ अहा! ज़िंदगी ‘ परिशिष्ट में संस्मरण और ‘ मधुरिमा ‘ में एक लघुकथा प्रकाशित। मासिक ‘ शुभ तारिका ‘, अम्बाला छावनी ( हरियाणा ) में व्यंग कहानी प्रकाशित। कोल्हापुर, महाराष्ट्र से प्रकाशित ‘ लोकमत समाचार ‘ में २००९ से २०१४ तक विभिन्न विधाओं में नियमित लेखन। मासिक ‘ सत्य की मशाल ‘, ( भोपाल, म. प्र. ) में चार लघुकथाएं प्रकाशित। जोधपुर, जयपुर, रायपुर, जबलपुर, नागपुर, दिल्ली शहरों से सिंधी समुदाय द्वारा प्रकाशित हिंदी पत्र – पत्रिकाओं में सतत लेखन। पता- ओम इमिटेशन ज्युलरी, सुरभि बार के सामने, निकट सिटी बस स्टैंड, पो : गांधी नगर – ४१६११९, जि : कोल्हापुर, महाराष्ट्र, मो : ९४२१२१६२८८, ईमेल ashok.wadhwani57@gmail.com