समाचार

किरण सिंह को सुभद्रा कुमारी चौहान बाल साहित्य सम्मान

पटना/ लखनऊ। उप्र हिंदी संस्थान के बाल साहित्य संवर्द्धन योजना के अंतर्गत बाल साहित्य सम्मानों के लिए नामों की घोषणा कर दी गयी है। प्रत्येक सम्मान की राशि 51,000 रुपये है। सुप्रसिद्ध कवयित्री एवं लेखिका किरण सिंह को सुभद्रा कुमारी चौहान बाल साहित्य सम्मान से नवाजा जायेगा। किरण सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मझौआं गांव में 28 दिसबंर, 1967 को हुआ। इनके पिताजी स्व श्री कुन्ज बिहारी सिंह की शुमार अच्छे एडवोकेट के रूप में होती थी। माताजी दमयंती देवी कुशल गृहिणी थीं। इनके पति भोलानाथ सिंह एसबीएपीडीसीएल के पूर्व डीजीएम हैं। इनकी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर बलिया में हुई। तत्पश्चात उन्होंने गुलाब देवी महिला महाविद्यालय, बलिया (यूपी) से स्नातक की शिक्षा प्राप्त कीं। संगीत में भी किरण सिंह की गहरी अभिरुचि रही है। इन्होंने संगीत के क्षेत्र में संगीत प्रभाकर ( सितार ) की उपाधि हासिल की हैं। किरण सिंह की सात पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिसमें मुखरित संवेदनाएं ( काव्य संग्रह ) 2016, प्रीत की पाती ( काव्य संग्रह) 2017, अन्त: के स्वर ( दोहा संग्रह ) 2018, प्रेम और इज्जत ( कथा संग्रह ) 2019, गोलू – मोलू ( बाल कविता संग्रह) 2020, श्री राम कथामृतम् ( बाल खण्ड काव्य) 2020 एवं दूसरी पारी का – ( आत्मकथ्यात्मक संस्मरण संग्रह ) सम्पादन 2020 शामिल हैं।