कविता

“प्रकृति विनाशक आखिर क्यों है?”

बिस्तर  गोल  हुआ सर्दी का,

अब  गर्मी   की  बारी  आई।

आसमान  से आग  बरसती,

त्राहिमाम्  दुनियाँ  चिल्लाई।

 

उफ़  गर्मी,  क्या  गर्मी  ये है,

सूरज   की  हठधर्मी  ये  है।

प्रकृति विनाशक आखिर क्यों है,

किस-किस की दुष्कर्मी ये है।

 

इसकी गलती, उसकी गलती,

किसको गलत, सही हम बोलें।

लेकिन कुछ तो कहीं गलत है,

अपने  मन  को  जरा  टटोलें।

 

थोड़ी    गर्मी,   थोड़ी   सर्दी,

थोड़ी   वर्षा  हमको  भाती।

लेकिन अति हो किसी बात की,

नहीं  किसी को कभी सुहाती।

 

लेकिन यहाँ न थोड़ा कुछ भी,

अति होती, बस अति ही होती।

बादल फटते  थोक  भाव  में,

और  सुनामी  छक कर होती।

 

ज्यादा बारिश, बादल फटना,

चट्टानों   का   रोज़   दरकना।

पानी-पानी  सब  कुछ  होना,

शुभ  संकेत  नहीं  ये  घटना।

 

आखिर ऐसा सब कुछ क्यूँ है,

रौद्र-रूप  कुदरत  का  क्यूँ  है।

वहशी, सनकी, पागल, मानव,

खुद को  चतुर समझता क्यूँ है।

 

बित्ता भर  के  वहशी  मानव,

अब तो बात मान ले सनकी।

तेरे  कृत्य  न  जन  हितकारी,

सुन ले अब कुदरत के मन की।

 

मिल-जुलकर, चल पेड़ लगा ले,

जल, थल, वायु  शुद्ध  बना  ले।

हरियाली   धरती  पर  ला  कर,

रुष्ट प्रकृति  को  आज  मना ले।

 

रुष्ट  प्रकृति  जब  मन  जाएगी,

बात  तभी  फिर  बन  जाएगी।

खुशहाली  होगी  हर  मन  में,

हरियाली  चहुँ  दिश  छाएगी।

 

सृष्टि-सृजन  के पाँच  तत्व हैं,

जब तक  ये सब  शुद्ध  रहेंगे।

तब तक  अनहोनी  ना होनी,

सुख-सरिता,  जलधार बहेंगे।

 

दूषित  तत्व  विनाशक होते,

ये विनाश की कथा लिखेंगे।

प्रकृति और मानव-मन दोनों,

विध्वंसक  हो,  प्रलय रचेंगे।

-आनन्द विश्वास

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com