धर्म-संस्कृति-अध्यात्म

गुरुर्ब्रह्मा ग्रुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः

जैसा सभी पाठकगण जानते हैं माता-पिता के बाद शिक्षक का स्थान माना गया है। माता बालक की प्रथम शिक्षिका होती है लेकिन जिस समाज में हम विचरण करते हैं उसके योग्य तो हमें शिक्षक ही तैयार करते हैं और सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। हमारे ज्ञान, कौशल के स्तर, विश्वास आदि को बढ़ाते है।

अन्तर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस 5 अक्टूबर को मनाया जाता है। इस दिन कुछ देशों में छुट्टी का दिन रहता है तो कुछ देशों में कोई अवकाश नहीं रहता है। चीन में 10 सितम्बर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है जबकि अमेरिका में मई के पहले पूर्ण सप्ताह के मंगलवार को शिक्षक दिवस का जश्न पूरे धूमधाम से मनाया जाता है। वहीं, थाइलैंड में हर साल 16 जनवरी को राष्ट्रीय शिक्षक दिवस मनाया जाता है।इसी सन्दर्भ में यह भी जान लें कि शिक्षक दिवस की परिकल्पना 1931 में नेशनल सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी,चीन से शुरू हुई थी।

प्राचीन काल से ही भारत की संस्कृति का एक महत्वपूर्ण व पवित्र रिश्ता गुरु-शिष्य का है, जो आज भी कायम है और आने वाले समय में भी यथावत चालू रहेगा।

याद रखें हमारी सफलता के पीछे हमारे शिक्षक का हाथ होता है। हमारे माता-पिता की तरह ही हमारे शिक्षक के पास भी ढ़ेर सारी व्यक्तिगत समस्याएँ होती हैं लेकिन फिर भी वह इन सब को दरकिनार कर रोज स्कूल और कॉलेज आते हैं तथा अपनी जिम्मेदारी का अच्छे से निर्वाह करते हैं।इसका ज्वलंत उदाहरण यही है कि बीते सालों में वैश्विक महामारी कोरोना काल में भी सभी शिक्षक अपने-अपने निजी आवास से ही आज की उन्नत प्रोद्दोगिकी के सहारे अपने शिष्यों का मार्गदर्शन कर रहे थे।

इसलिये ही हम सभी शिष्यों के लिये अपने अपने गुरु को धन्यवाद देने, उनके प्रति सम्मान ज्ञापन करने का और अपना एक दिन उनके साथ बिताने के लिये ये एक महान अवसर होता है। इसलिये स्कूलों / कालेजों में होने वाले कार्यक्रमों में हमें अपनी सक्रिय भूमिका को निभाने में चूकना नहीं चाहिये।

अन्त में यह बताना चाहूँगा कि आजकल शिक्षक लोग पैसे को ज्यादा महत्व देने लगे हैं यानि अपने ज्ञान की बोली लगाने लगे हैं जिसके चलते गुरु-शिष्य की परम्परा कहीं न कहीं कलंकित हो रही है।और विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार किया जाने का समाचार भी मिलता रहता है। ठीक इसी प्रकार आए दिन शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के साथ भी दुर्व्यवहार की खबरें सुनने को मिलती हैं।

मेरा निवेदन विद्यार्थियों से यही रहेगा कि आप अपना दायित्व व इस महान गौरवशाली परम्परा को बेहतर ढंग से समझें और अपना सक्रिय सकारात्मक सहयोग एक अच्छे समाज के निर्माण में प्रदान करें क्योंकि गुरु को भगवान से भी बढ़कर दर्जा दिया गया है। सन्त कबीर कहते हैं:-

गुरु गोविंद दोउ खड़े काके लागू पाय, बलिहारी गुरु आपने गोविंद दियो बताय।

इसी प्रकार मेरा निवेदन शिक्षकों से भी यही रहेगा कि आप भी “गुरु गीता” में बताये गये “रुष्टे गुरुस्त्राता गुरो रुष्टे न कश्चन:। गुरुस्त्राता गुरुस्त्राता गुरुस्त्राता न संशयः।।” श्लोक को ध्यान में रख अच्छे समाज के निर्माण में अपना उचित मार्गदर्शन अपने विद्यार्थियों को प्रदान करने में किसी प्रकार की कमी न छोडें क्योंकि “गुरु गीता” में ही शिक्षकों की ब्याख्या करते हुये बताया गया है –

गुरुर्ब्रह्मा ग्रुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः।गुरुः साक्षात् परं ब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः ॥

अर्थात गुरु ही साक्षात परम ब्रह्म हैं, और ऐसे गुरु को नमन किया जाता है। यह श्लोक गुरु की सर्वोच्च महिमा को व्यक्त करता है, जहाँ गुरु को सृष्टि के रचयिता, पालक और संहारक ब्रह्मा, विष्णु और महेश के समान माना जाता है।

— गोवर्द्धन दास बिन्नाणी ‘राजा बाबू’

गोवर्धन दास बिन्नानी 'राजा बाबू'

जय नारायण ब्यास कॉलोनी बीकानेर / मुम्बई 7976870397 / 9829129011 [W]