राजनीति

मोदी भक्त क्यों, Why I like Modi

सबको पता है RSS याने संघ में व्यक्ति पूजा नहीं होती। हम किसी पार्टी नेता, झंडे, डंडे से बंधे नहीं होते। हम एक निश्चित वैचारिक अधिष्ठान से बंधे है। इस देश के जीवन मूल्यों से बंधे हैं। 

फिर मोदी क्यों?  मोदी का इतना गुणगान क्यों। मोदी भक्त कहलाने में मुझे और मेरे जैसे अनेकों को कोई आपत्ति नहीं। क्यों –

क्योंकि मोदी  राष्ट्रीय पटल पर हमारे उन विचारों के प्रकट रूप हो गये हैं। हमारे विचार, हमारे सिद्धांत उनके अंदर प्रत्यक्ष रूप से दिखायी पड़ रहे हैं। इसलिये हम उनका गुणगान करते हैं। व्यक्ति के नाते नहीं, सिद्धांत के नाते। हमारी भक्ति मूल्यों से है। 

उनकी अनेक विशेषताओं में से कुछ अद्भुत बातें जो मुझे विशेष रूप से आकर्षित करती हैं, जो उनको दूसरों से अलग करती हैं वो इस प्रकार हैं  –

१) हिंदुत्व का स्वाभिमान/unapologetic approach –         मोदी जी अपने वैचारिक अधिष्ठान पर दृढ़ता से खड़े हैं। फ्राड सेकुलर  लबादे को दूर फेंक हिंदुत्व को उन्होंने भारतीय राजनीति के केंद्र में ला दिया है। वो सभी का सम्मान करते हैं लेकिन अपने धर्म की बात करने में कोई संकोच नहीं करते। राम मन्दिर में साष्टांग प्रणाम हो, दुनिया के नेताओं को भगवद् गीता भेंट करना हो, बड़े बड़े धर्म गुरुओं से मिलना हो – वो खुल कर करते हैं। संघ के बारे में लाल किले से बोलते हैं। सर संघचालक के जन्म दिन पर लम्बा लेख लिखते हैं। इंडिया गेट से ऊँची आवाज में बोलते हैं – इतिहास में सुधार होगा और डंके की चोट पर होगा। 

२) परिधान एवं भाषण/Dress n Address –

   मुझे एक बार हमारे एक मित्र ने सिखाया था कि सार्वजनिक कार्यक्रम में ड्रेस और एड्रेस बहुत महत्वपूर्ण होता है।  इसका सबसे बड़ा उदाहरण मुझे मोदी जी में देखने को मिला। राम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा हो, काशी कॉरिडोर का समय हो, विज्ञान सम्बन्धी कार्यक्रम हो, आधुनिक टेक्नोलॉजी का कोई आयोजन का समय हो – उनके भाषण, उसमें बोली गयी विषय वस्तु, समय के अनुसार शब्दों का प्रयोग देखिये – हर विषय की उनको अद्धयतन जानकारी होती है। अन्य बहुत से नेताओं की तरह वो हवाबाजी नहीं करते। विषय को बहुत गहराई से रखते हैं। हो सकता है सुनते समय आपका ध्यान न गया हो। उनका चन्द्रयान और राम मन्दिर का भाषण पढ़िये। अच्छे वक्ता को कैसा होना चाहिए – सीख सकते हैं। उनका परिधान तो समय के अनुसार होता ही है। 

३) स्वयं का शुद्ध जीवन /Self Example/Nation First – राजनीति में  ऐसे उदाहरण बहुत कम हैं जिनके परिवार ने मुख्य मंत्री और प्रधान मंत्री जैसे बड़े पद का कोई लाभ न उठाया हो। दूर दूर तक नहीं। बिना एक दिन छुट्टी इतना कठोर परिश्रम, बेदाग जीवन किसी को भी आकर्षित करता है। उनके सारे काम Nation First को ध्यान में रखकर होते हैं। परिवार नहीं। 

४) जन सम्पर्क/ Public Connect – उनका पर्सनल टच  तो  बेमिशाल है। मन की बात, नमो एप, परीक्षा पे चर्चा, भीड़ भरी सभा में लोगों से जुड़ना, खिलाडियों से मिलना, अनेक लोगों, घोर विरोधियों तक को सुख दुख में फोन करना आदि उनको सबसे अलग बनाता है। 

५) घर में घुस कर मारना/ World Leader – पाकिस्तान को जैसा सबक मोदी जी ने दिया है इस पर कुछ कहने की जरूरत नहीं। भारत का गौरव उन्होंने दुनिया में बढ़ाया है। बड़े बड़े नेताओं के बीच वो तन कर खड़े होते हैं। इससे हर भारतवासी को लगता है वो वहाँ खड़ा है। 

  उनकी विशेषताओं के साथ  उनके कार्यों की लिस्ट बहुत लम्बी है। ईमानदारी से उनके 11 सालों की उपलब्धियों पर यदि पहले की सरकारों से तुलना करेंगे तो मोदी को बहुत आगे पायेंगे। तुलना किसी भी पैमाने पर मसलन  देश की Economy, Infra structure, Railways, Roadways, Airways, उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा, आतंकवाद, नक्सलवाद की कमी आदि आदि पर कर लीजिये और अंतर देख लीजिये। हर जगह आगे नहीं, बहुत आगे मिलेंगे- विकास में भी, विरासत में भी। 

  इसलिये मैं मोदी भक्त हूँ। देश की खुशी में मेरी खुशी है। 

— गोविंद अग्रवाल

गोविन्द राम अग्रवाल

HAL retired