समाचार

महिला काव्य मंच दिल्ली प्रदेश के वार्षिकोत्सव में कवि गोष्ठी

महिला काव्य मंच दिल्ली प्रदेश का नवम् वार्षिकोत्सव 13 अप्रैल को हंसराज कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के पुस्तकालय सभागार में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मकाम के संस्थापक डॉ नरेश नाज़ सर का सान्निध्य प्राप्त हुआ, मुख्य अतिथि के रूप में मकाम ट्रस्ट की अध्यक्ष नियति गुप्ता, विशिष्ट अतिथि के रूप में हंसराज कॉलेज की प्रचार्या प्रो डॉ रमा और कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में मकाम की ग्लोबल प्रेसिडेंट और दिल्ली प्रदेश प्रभारी डॉ नीतू सिंह राय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां शारदे को पुष्पार्पण द्वारा किया गया। दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष तरुणा पुंडीर ने सभी को बैसाखी की शुभकामनाएं देते हुए अतिथियों, प्रतिभागियों व विद्यार्थियों का स्वागत किया।
महिला काव्य मंच में रचनाओं की प्रस्तुति में सबसे पहले मां सरस्वती जी का आह्वान मधु वशिष्ठ जी के मधुर कंठ से हुआ।
कार्यक्रम दो सत्र में सम्पन्न हुआ। पहला सत्र दोपहर के भोजन से पहले और दूसरा सत्र सांयकाल चाय तक अनवरत रूप से चलता रहा। यहां उपस्थित सभी कवयित्रियों ने अपने काव्य पाठ से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि कॉलेज के कुछ विद्यार्थियों ने अपनी ओज और श्रृंगारपरक रचनाओं से सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया ।
कार्यक्रम का आयोजन महिला काव्य मंच की वैश्विक अध्यक्ष एवं दिल्ली प्रदेश प्रभारी डॉ नीतू सिंह राय के मार्गदर्शन में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष तृप्ति अग्रवाल, उपाध्यक्ष तरुणा पुंडीर , महासचिव केनूप्रिया अत्रे , सचिव मीना शर्मा के संयोजन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
मकाम संस्थापक डॉ नरेश नाज़ ने अपने प्रेरक उद्बोधन में दिल्ली प्रदेश को सफल आयोजन की बधाई देते हुए मकाम के अन्य प्रकोष्ठों की जानकारी दी। उनकी बेटियों पर आधारित रचना और राष्ट्र प्रेम पर आधारित गीत को सुनकर सभागार में बैठे श्रोता भावविभोर हो गए। मुख्य अतिथि और मकाम की अध्यक्ष श्रीमती नियति गुप्ता ने फाग पर सुंदर गीत प्रस्तुत किया और दिल्ली प्रदेश को सफल आयोजन की बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अध्यक्ष और मकाम की ग्लोबल प्रेसिडेंट डॉ नीतू सिंह राय ने अध्यक्षीय उद्बोधन में मकाम के वैश्विक स्तर पर हो रहे विस्तार का परिचय देते हुए अपना काव्यपाठ किया और 2022 से 2025 की सर्वोत्तम प्रदेश इकाई के पुरस्कारों की घोषणा की।
कार्यक्रम का समापन दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष तृप्ति अग्रवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।

— नूतन गर्ग (दिल्ली)

*नूतन गर्ग

दिल्ली निवासी एक मध्यम वर्गीय परिवार से। शिक्षा एम ०ए ,बी०एड०: प्रथम श्रेणी में, लेखन का शौक

Leave a Reply