एक गम्भीर चिन्तन की ज़रूरत
नदी से – पानी नहीं, रेत चाहिये
पहाड़ से – औषधि नहीं, पत्थर चाहिये
पेड़ से – छाया नहीं, लकड़ी चाहिये
खेत से – अन्न नहीं, नकद फसल चाहिये
उलीच ली रेत, खोद लिए पत्थर !
काट लिए पेड़, तोड़ दी मेड़ !
रेत से पक्की सड़क,
पत्थर से मकान बनाकर,
लकड़ी के नक्काशीदार दरवाजे सजाकर,
अब भटक रहे हैं!
सूखे कुओँ में झाँकते,
रीती नदियाँ ताकते,
झाड़ियाँ खोजते लू के थपेड़ों में,
बिना छाया के ही हो जाती सुबह से शाम!
और गली-गली ढुँढ़ रहे हैं – आक्सीजन
फिर भी सब बर्तन खाली, जानते हैं क्यों ?
सोने के अँडे के लालच में, मानव ने मुर्गी ही मार डाली !
— गोवर्द्धन दास बिन्नाणी “राजा बाबू”
