बाल कविता

*गरमागरम समोसे खाओ*

आओ   बाबू,  लाला  आओ,

गरमागरम  समोसे  खाओ।

काजू, किसमिश, मेवे वाला,

धनियाँ मटर  पुदीना डाला।

आलू  इसमें  शिमले  वाला,

डाला इसमें  गरम मसाला।

मीठी  चटनी   डली  हुई  है,

तीखी  मिर्ची  तली  हुई  है।

मस्त  कचौड़ी  काँदे  वाली,

खस्ता  और मसाले  वाली।

देशी घी  की  आलू टिकिया,

मन भाए तो खाना बिटिया।  

छोले    और   भटूरे   खाओ,

बड़ा-पॉव   है   खाते  जाओ।

और  जलेबी  गरम-गरम  है,

इसके  आगे  सभी  नरम  है।

इसे  दूध  में   डालो, खाओ,

चटकारे  भी   भरते  जाओ।

दही बड़े   खुद  आकर  देखो,

मन भाए  तो  खाकर  देखो।

देखो, इसकी  लाइन  बड़ी है,

सारी  पब्लिक वहीं खड़ी है।

चटनी – पूरी,   पानी – पूरी,

बिन इसके  तो चाँट अधूरी।

आओ, अब  कुछ ठंडा ले लें,

पंजाबी   लस्सी   को  बोलें। 

या  ठंडी  कुल्फी  अजमाऐं,

और  बरफ  के  गोले खाऐं।

पेट आपका  जब  भर जाए,

नींबू  शर्बत  साथ  निभाए।

इडली,  ढोसा,  पीज़ा, बर्गर,

पैक करा लो खाना घर पर।

…आनन्द विश्वास

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com