शिशुगीत

शिशुगीत – 22

1. साबुन

खाना खाने से पहले
शौचक्रिया के बाद
हाथ धोइए साबुन से
रखें बात ये याद

2. सरसो तेल

सरसो तेल लगाइए
ठंढी दूर भगाइए
हाँ, खाएँ बस ध्यान से
मोटे मत हो जाइए

3. लहसुन

लहसुन जाड़े में वरदान
कब्ज भगाता ये श्रीमान
इससे छौंकें अपनी दाल
भोजन पचना हो आसान

4. तिलकुट

तिलकुट का मौसम आया
बाजारों में रंग छाया
गुड़-चीनी दोनों से बनता
सदा मेरे मन को भाया

5. दीवाली

दीवाली की धूम में
भूल न जाएँ बात
सबके संग मनाइए
खुशियों की ये रात

*कुमार गौरव अजीतेन्दु

शिक्षा - स्नातक, कार्यक्षेत्र - स्वतंत्र लेखन, साहित्य लिखने-पढने में रुचि, एक एकल हाइकु संकलन "मुक्त उड़ान", चार संयुक्त कविता संकलन "पावनी, त्रिसुगंधि, काव्यशाला व काव्यसुगंध" तथा एक संयुक्त लघुकथा संकलन "सृजन सागर" प्रकाशित, इसके अलावा नियमित रूप से विभिन्न प्रिंट और अंतरजाल पत्र-पत्रिकाओंपर रचनाओं का प्रकाशन