बाल कविता

फल खाओगे, बल पाओगे

फल खाओगे, बल पाओगे,
सुन्दर तन का हल पाओगे
काजू किशमिश और मखाने,
शक्ति-पुंज हैं जाने माने
एप्पल गुण की खान सुनो तुम,
सबसे पहले इसे चुनो तुम
छिलका सहित चबाकर खाओ,
या फिर इसका शेक बनाओ
देखो, आम फलों का राजा,
सीज़न फल है खाओ ताजा
काटो, चूँसो, ज्यूस बनाओ,
पना, मुरब्बा, जैम बनाओ
चीकू, लीची, जामुन, केला,
इनका स्वाद बड़ा अलवेला
मौसम्बी का ज्यूस निराला,
पी जाओ बस डाल मसाला
और नारियल पानी पीकर,
दौड़ो, खेलो प्यास बुझाकर
खेल खेलकर जब थक जाओ,
नींबू पानी गटको पाओ
सुपर फूड है सुनो अनार,
दूर करे यह रक्त विकार
इसको खाओ प्रातः काल,
चेहरा दमके हर दम लाल
सबसे बढ़िया मस्त चुकन्दर,
खाओ इसको बनो कलन्दर
कन्दमूल फल सबसे भारी,
इसकी लीला सबसे न्यारी
खाना, पीना, लिखना, पढ़ना,
बच्चो तुमको आगे बढ़ना
इसीलिए तो कहता राजा,
फल खाकर मन कर लो ताजा
आनन्द विश्वास

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com