बाल कविता

एप्पल में गुण एक हजार

एप्पल में गुण एक हजार,
एप्पल खाओ हर दिन चार।

नित्य नियम से जो खाता है,
हृष्ट-पुष्ट वह हो जाता है।

एप्पल का भैया क्या कहना,
सुन्दरता का ये है गहना।

चेहरा दमके हर दम लाल,
एप्पल करता बड़ा कमाल।

वात-पित्त-कफ़ दोष विनाशक,
सभी फलों का एप्पल शासक।

कब्ज, दस्त, सरदर्द मिटाए,
खांसी सर्दी पास न आए।

बीपी का अक्सीर इलाज,
बात पते की कहता आज।

आधि-व्याधि सब दूर भगाता,
डॉक्टर पास फटक ना पाता।

सब रोगों की एक दवा है,
खाया एप्पल, रोग हवा है।

डॉक्टर भी अक्सर कहते हैं,
वे भी ज्यूस पिया करते हैं।

छिलका सहित चबाकर खाओ,
मन भाए तो ज्यूस बनाओ।

एप्पल ज्यूस बगल का तोशा,
मंज़िल का है पूर्ण भरोसा।

आनन्द विश्वास

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com