समाचार

प्रतिभाओं को सम्मानित करेगी “विलक्षणा एक सार्थक पहल” समिति

रोहतक(न्यूज़)। सामाजिक संस्था विलक्षणा एक सार्थक पहल समिति अपने प्रथम स्थापना दिवस पर पूरे भारत से 21 महिलाओं एवं पुरुषों को सम्मानित करेगी। संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ सुलक्षणा अहलावत ने जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 महिलाओं एवं पुरुषों को संस्था अपने स्थापना दिवस पर सम्मानित करेगी। इसके लिए संस्था ने 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किये हैं। संस्था के पास आये हुए आवेदनों में से 15 महिलाओं और पुरुषों का सम्मान के लिए चयन किया जाएगा और अन्य 6 का चयन संस्था अपने स्तर पर करेगी। डॉ सुलक्षणा ने बताया कि स्थापना दिवस पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 21 महिलाओं एवं पुरुषों को सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न के साथ साथ नकद राशि भी प्रदान की जाएगी। डॉ सुलक्षणा ने संस्था के बारे में बताते हुए कहा कि संस्था समाजहित के कार्यों के साथ साथ प्रतिभाओं को प्रोत्साहित भी करती है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा 10 जून को जिला विकास भवन रोहतक में विलक्षणा समाज सारथी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें पूरे देश से 101 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया था। इस समारोह में परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, बॉलीवुड अभिनेता यशपाल शर्मा, प्रमुख व्यवसायी राजेश जैन के साथ साथ हरियाणा की जानी मानी हस्तियों ने शिरकत थी। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पर ऐसे ही भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और इसी आयोजन में हरियाणवी कवि सम्मेलन भी करवाया जाएगा जिसमें हरियाणा के जाने माने कवि/कवयित्री काव्यपाठ करेंगे। उन्होंने आम जनता से भी अपील करते हुए कहा कि आपको जब भी समय मिले समाजहित के कार्य करते रहें और दूसरों की मदद करते रहें। इंसानियत से बढ़कर इस दुनिया में कोई धर्म नहीं है और दूसरों की मदद करने से मन को संतुष्टि मिलती है।