कविता

जनान्दोलन बनाम आश्वासन

देशकाल परिस्थिति के साथ ही
बढ़ जाती हैं आवश्यकताऐं।
पूर्ण हुई यदि न आवश्यकता
तो बन जाती हैं समस्याऐं।।
ले हाथ झण्डा
बढ़ जाती हैं राहें।
बजा बिगुल आन्दोलन का
तो तन जाती हैं बाहें।।
लंबे अंतराल से
खुलती नींद शासन की।
करते मंत्रणा तब
समस्याओं के समाधान की।।
बनाकर प्रतिनिधि अपना
भेजता तब शासन।
कर जनता से वार्ता
दे जाता वह आश्वासन।।
मात्र औपचारिकता निभाने
आ जाते हैं नेता।
कभी न पूरा होने वाला
ऐसा आश्वासन वह दे देता।।
कर विश्वास आश्वासन का
रुक जाते हैं आन्दोलन।
लेकिन•••
समय चक्र के चलते
पूर्ण हुआ न आश्वासन।।
उठ जाती है आवाज फिर
झूठे वायदे के खिलाफ।
सक्रिय हो नेता व अधिकारी
भागे देने को इंसाफ।।
किसी तरह जन भावनाओं को
करते हैं अंगीकार।
लेकिन आश्वासन के तहत
हो सकती नहीं मांग स्वीकार।।
नेता मंत्री व अधिकारी
विकास के हैं पदधारी।
लेकिन•••
क्षेत्र विकास के बदले
स्वविकास रहता कुछ का जारी।।
मांग अर आंदोलन करना
होता भले ही आम जन अधिकार।
लेकिन•••
कर्तव्य पालन से श्रेष्ठ नहीं
कोई नागरिकता का मूल आधार।।
ध्यान रहे!
झूठी घोषणा व अति आवश्यकता से
हो सकता नहीं विकास।
सच्चे मन से जन सेवा कर
हो सकता जीवन में प्रकाश।।
कालचक्र के साथ ही
बदल जाती है आवश्यकता।
हो शीघ्र पूर्ण सर्वजन इच्छा
यही प्रभु से स्नेहिल आशा करता।।
शम्भु प्रसाद भट्ट “स्नेहिल”

शम्भु प्रसाद भट्ट 'स्नेहिल’

माता/पिता का नामः- स्व. श्रीमति सुभागा देवी/स्व. श्री केशवानन्द भट्ट जन्मतिथि/स्थानः-21 प्र0 आषाढ़, विक्रमीसंवत् 2018, ग्राम/पोस्ट-भट्टवाड़ी, (अगस्त्यमुनी), रूद्रप्रयाग, उत्तराखण्ड शिक्षाः-कला एवं विधि स्नातक, प्रशिक्षु कर्मकाण्ड ज्योतिषी रचनाऐंः-क. प्रकाशितःः- 01-भावना सिन्धु, 02-श्रीकार्तिकेय दर्शन 03-सोनाली बनाम सोने का गहना, ख. प्रकाशनार्थः- 01-स्वर्ण-सौन्दर्य, 02-गढ़वाल के पावन तीर्थ-पंचकेदार, आदि-आदि। ग. .विभिन्न क्षेत्रीय, राष्ट्रीय, अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की पत्र/पत्रिकाओं, पुस्तकों में लेख/रचनाऐं सतत प्रकाशित। सम्मानः-सरकारी/गैरसरकारी संस्थाओं द्वारा क्षेत्रीय, राष्ट्रीय, अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के तीन दर्जन भर से भी अधिक सम्मानोपाधियों/अलंकरणों से अलंकृत। सम्प्रतिः-राजकीय सेवा/विभिन्न विभागीय संवर्गीय संघों तथा सामाजिक संगठनों व समितियों में अहम् भूमिका पत्र व्यवहार का पताः-स्नेहिल साहित्य सदन, निकटः आंचल दुग्ध डैरी-उफल्डा, श्रीनगर, (जिला- पौड़ी), उत्तराखण्ड, डाक पिन कोड- 246401 मो.नं. 09760370593 ईमेल spbsnehill@gmail.com