लघुकथा

पितृ पक्ष

“क्या दादी! जब देखो पुरातन जमाने की रीति-रिवाजों में व्यस्त रहती हैं! मम्मी को भी उलझा रखा है।”

“क्यों इतना चिढ़ा हुआ है? पितृ पक्ष चल रहा है, जानता है न?” दादी ने मुस्कुराते हुए अनसुना किया।

“आजकल आपको और मम्मी को गंदी-शंदी चीजें खाने वाले काले कौवे बड़े पसंद आ रहे हैं! जो कहीं भी पड़ा हुआ कुछ भी खाते हैं, उनको खीर-पूरी खिलाया जा रहा है! उनके भाव बढ़ गए हैं!”, बोर्डिंग स्कूल से घर आया हुआ मयंक झल्लाया हुआ था, “श्राद्ध पर्व मैं भी समझता हूँं। पूर्वजों को स्मरण करना अच्छी बात है, पर कौवों का पीछा क्यों कर रहे हैं आप लोग? ऐसी क्या खास बात पैदा हो गई है उनमें?”

“कहा जाता है, ‘इंद्र-पुत्र जयंत ने कौवे का रूप धारण कर माता सीता के पैर में चोंच मारी थी। तब भगवान श्रीराम ने तिनके का बाण चलाकर जयंत की आँख फोड़ दी थी। उसके द्वारा माफी माँगने पर श्रीराम ने उसे वरदान दिया कि पितृ पक्ष में उनको अर्पित किया गया भोजन पितरों को मिलेगा।’ तभी से इनको भोजन कराने की परंपरा चली आ रही है। इनको यमराज का संदेशवाहक भी कहा जाता है। वे हमारा संदेश हमारे पितरों तक पहुँचा देते हैं। यह है पौराणिक कथा। इसके पीछे अगर कोई वैज्ञानिक कारण है तो मम्मी से पूछ! विज्ञान की विद्यार्थी थी। अपने प्रश्न लेकर उसी की शरण में जा।”

“अब तुम बताओ, मम्मी!”

“प्राचीन काल में हमारे ऋषि-मुनि अथाह ज्ञान का भंडार थे। मध्य-युग में हुए हमलों ने हमारे ज्ञान की थाती का बड़ा नुकसान किया है। नालंदा विश्वविद्यालय को जला दिया जाना एक उदाहरण है, जिसके साथ जाने कितने ग्रंथ जल गए होंगे। ऐसे कितने ही उदाहरण मिलेंगे, जिनमें हमारी संस्कृति और साहित्य को बार-बार कुचला गया। दरअसल ऋषि-मुनि अपने ज्ञान को धर्म के साथ इसलिये जोड़ते थे ताकि जनसाधारण सूत्र स्मरण कर उनका पालन करे, क्योंकि गूढ़ बातें समझना सबके बस की बात नहीं।”

“पर मम्मी! इस सब के बीच में कौवे कहाँ आते हैं?”

“बताती हूँ, सब्र रख!

सावन-भादों (अगस्त-सितंबर) में कौवी के अंडों से बच्चे निकलते हैं। इन्हीं महीनों में श्राद्धपक्ष पड़ता है। कौवों को आसानी से पौष्टिक आहार मिल सके, इसीलिए इसे श्राद्ध पक्ष से जोड़ दिया गया। इस मान्यता की पृष्ठभूमि में बरगद और पीपल जैसे देव वृक्षों की सुरक्षा जुड़ी है, जो प्राणियों को  प्राणवायु के अलावा रोग-मुक्त शरीर के लिए औषधियाँ भी देते हैं। कौवे इन वृक्षों के फल खाते हैं तो बीज इनके पेट में ही अंकुरित हो जाते हैं। जब यह यत्र-तत्र बीट करते हैं तो वर्षा ऋतु के कारण पीपल और बरगद तुरंत उग आते हैं। इस प्रकार वे बीजों के चतुर्दिक संवाहक का काम करते हैं। यहाँ तक कि पुराने मकानों की दीवारों में भी पीपल और बरगद उग जाते हैं।”

“ह्म्म्म्म! तुम्हारी बातों में मुझे तर्क नजर आ रहा है मम्मा! अब मैं उनसे नफरत नहीं करूँगा, खीर पूरी खिलाऊँगा। एक प्रश्न और, पितृ पक्ष में ही क्यों, वर्षभर क्यों नही?”

“हे भगवान! तेरी प्रश्नोत्तरी कभी खत्म नहीं होगी। मेरी जान छोड़, पापा से पूछ!”

— नीना सिन्हा

नीना सिन्हा

जन्मतिथि : 29 अप्रैल जन्मस्थान : पटना, बिहार शिक्षा- पटना साइंस कॉलेज, पटना विश्वविद्यालय से जंतु विज्ञान में स्नातकोत्तर। साहित्य संबंधित-पिछले दो वर्षों से देश के समाचार पत्रों एवं प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में लघुकथायें अनवरत प्रकाशित, जैसे वीणा, कथाबिंब, सोच-विचार पत्रिका, विश्व गाथा पत्रिका- गुजरात, पुरवाई-यूके , प्रणाम पर्यटन, साहित्यांजलि प्रभा- प्रयागराज, डिप्रेस्ड एक्सप्रेस-मथुरा, सुरभि सलोनी- मुंबई, अरण्य वाणी-पलामू,झारखंड, ,आलोक पर्व, सच की दस्तक, प्रखर गूँज साहित्य नामा, संगिनी- गुजरात, समयानुकूल-उत्तर प्रदेश, शबरी - तमिलनाडु, भाग्य दर्पण- लखीमपुर खीरी, मुस्कान पत्रिका- मुंबई, पंखुरी- उत्तराखंड, नव साहित्य त्रिवेणी- कोलकाता, हिंदी अब्राड, हम हिंदुस्तानी-यूएसए, मधुरिमा, रूपायन, साहित्यिक पुनर्नवा भोपाल, पंजाब केसरी, राजस्थान पत्रिका, डेली हिंदी मिलाप-हैदराबाद, हरिभूमि-रोहतक, दैनिक भास्कर-सतना, दैनिक जनवाणी- मेरठ, साहित्य सांदीपनि- उज्जैन ,इत्यादि। वर्तमान पता: श्री अशोक कुमार, ई-3/101, अक्षरा स्विस कोर्ट 105-106, नबलिया पारा रोड बारिशा, कोलकाता - 700008 पश्चिम बंगाल ई-मेल : maurya.swadeshi@gmail.com व्हाट्सएप नंबर : 6290273367